रायपुर में अपराध बेलगाम: आपसी रंजिश में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, बाप गिरफ्तार, बेटा फरार
सिर्फ सात दिन में सातवीं हत्या, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल


रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यह शहर अपराध की घटनाओं से दहल उठा है। ताजा मामला विसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सद्दू के बैरागी बाड़ा का है, जहां गुरुवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजा चंदवानी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजा चंदवानी, आरोपी अर्जुन बैरागी के घर पहुंचा और वहां गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अर्जुन और उसके पिता ने मिलकर राजा के सिर पर पत्थर से वार किया। गंभीर चोट लगने से राजा की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्य आरोपी फरार, पिता हिरासत में
घटना के बाद आरोपी अर्जुन बैरागी मौके से फरार हो गया, जबकि उसका पिता पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
गौरतलब है कि रायपुर में पिछले सात दिनों में यह सातवीं हत्या है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से न केवल आम जनता में भय का माहौल है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है।
बोरी में भरकर फेंका शव: एक और सनसनीखेज वारदात
इसी दिन रायपुर के राखी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बेंद्री में एक और सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक की हत्या कर उसके शव को बोरी में भरकर पत्थर खदान के गड्ढे में फेंक दिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक की चाकू से हत्या की गई थी। हत्या की वजह आपसी रंजिश या पुराना विवाद बताई जा रही है।
रायपुर में बढ़ते अपराध: चिंता का विषय
लगातार हो रही इन हत्याओं से रायपुरवासियों में दहशत का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो शहर में अपराधियों के हौसले और भी बुलंद हो सकते हैं।



