छत्तीसगढ़ में रिश्ता हुआ शर्मसार, चचेरे भाइयों ने किया बहन का रेप, नाबालिक सहित तीन गिरफ्तार
पीड़िता की मां उसे बचाने आ रही थी, तभी मुकेश कुल्हाड़ी और फावड़ा लेकर उसे मारने के लिए दौड़ पड़ा और इसके बाद फावड़े से युवती की मां के सिर में ताबड़तोड़ हमला किया
कोण्डागांव/ छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां चचेरे भाइयों ने अपनी ही बहन का रेप कर दिया। इस वारदात को एक नाबालिग समेत कुल तीन भाइयों ने अंजाम दिया। वारदात करने के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। आरोपियों ने अपनी ही चाची की हत्या का प्रयास भी किया। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामला धनोरा थाना क्षेत्र का है।
एसडीओपी अरुण नेताम ने के अनुसार पीड़िता ने 15 जुलाई को धनोरा थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह अपनी मां और बहन के साथ काम कर रही थी। तभी उसके चाचा चिंताराम और उसके चचेरे भाई आए। पुरानी बात को लेकर झगड़ा करने लगे और युवती के बाल पकड़ कर अंदर ले गए। मुकेश ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। एक भाई सुरेश ने युवती का गर्दन पकड़कर रखी थी और लोकेश मारने के लिए टंगिया लेकर खड़ा था।
पीड़िता की मां उसे बचाने आ रही थी, तभी मुकेश कुल्हाड़ी और फावड़ा लेकर उसे मारने के लिए दौड़ पड़ा और इसके बाद फावड़े से युवती की मां के सिर में ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे कि महिला के सिर से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गई। युवती जैसे-तैसे वहां से जान बचाकर भाग गई और थाने आकर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वाय.अक्षय कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर घटनास्थल रवाना किया गया। पुलिस की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी मुकेश दुग्गा उर्फ नाग और उसके सहयोगी आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद मुकेश दुग्गा को गिरफ्तार कर लिया गया, साथ ही घटना में इस्तेमाल औजार फावड़े को गवाहों के सामने आरोपी की निशानदेही पर जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी मुकेश दुग्गा पिता चिंताराम दुग्गा, सुरेश दुग्गा पिता चिंताराम दुग्गा, चिंताराम दुग्गा उर्फ नाग पिता स्व. भिंगुराम दुग्गा को आज गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी नाबालिग होने के कारण बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। इधर पीड़िता की मां को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद से गांव में इस बाद की दिनभर चर्चा होती रही।



