मिली जानकारी के अनुसार, अभनपुर थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव में बुधवार तड़के सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव में एक बुजुर्ग दंपति की उनके घर में ही गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर एसपी, एएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल पहुंच चुका है। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर जांच कर रही है। पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है और हर पहलू पर बारीकी से जांच जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह और हत्यारों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या के पीछे लूटपाट या आपसी रंजिश की आशंका समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है।