रायपुर। बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का लालच देकर एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। गंज थाना पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय अक्षत पांडे को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर का निवासी है और हाल में जयपुर में रह रहा था। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
Table Of Content
मुंबई की कंपनी का प्रतिनिधि बनकर किया संपर्क
मामले के अनुसार, बेमेतरा निवासी मृत्युंजय शर्मा रायपुर के फाफाडीह चौक स्थित रहेजा टावर में मंगलम प्रोजेक्ट्स के नाम से सोलर पैनल का व्यवसाय करते हैं। वे पीएम सूर्य घर योजना के तहत वेंडर भी हैं। इसी दौरान 16 जून 2026 को तौहिद काजी नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को मुंबई की सनरूट एनर्जी सॉल्यूशन कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।
प्रारंभिक बातचीत के बाद 108 सोलर पैनल का सौदा 13,721 रुपये प्रति पैनल की दर से तय किया गया। आरोपियों ने 35 प्रतिशत अग्रिम भुगतान के बाद 10 दिनों के भीतर पैनल की आपूर्ति करने का भरोसा दिया। इस विश्वास में कारोबारी ने कंपनी के बैंक खाते में 5 लाख 18 हजार 668 रुपये जमा कर दिए।
बड़े ऑर्डर और ज्यादा मुनाफे का दिया लालच
इसके बाद कथित मैनेजर सरफराज के माध्यम से कारोबारी का संपर्क अक्षत पांडे से कराया गया। अक्षत ने बड़े पैमाने पर सोलर पैनल खरीदने पर अधिक लाभ मिलने का दावा करते हुए कारोबारी को बड़े ऑर्डर के लिए तैयार किया। बातचीत के बाद 1800 पैनल का सौदा 2 करोड़ 25 लाख 43 हजार 920 रुपये में तय हुआ।
आरोपियों के भरोसे में आकर कारोबारी ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से आरटीजीएस से कुल 1 करोड़ 28 लाख 18 हजार 668 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा होने के बाद भी सोलर पैनलों की आपूर्ति नहीं की गई।
ई-वे बिल और जीएसटी दस्तावेज भी निकले फर्जी
रकम मिलने के बाद अक्षत ने कारोबारी को वाट्सएप के जरिए ई-वे बिल और जीएसटी नंबर भेजे तथा शेष भुगतान की मांग की। जब दस्तावेजों की जांच की गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद कथित कंपनी के संचालकों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी बंद मिलने लगे। कारोबारी को ठगी का एहसास होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच में जुटी
शिकायत के आधार पर गंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अक्षत पांडे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, विभिन्न बैंक खातों में रकम के लेनदेन तथा ठगी की राशि के आगे ट्रांसफर होने की जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।





