भिलाई-3। भिलाई-चरौदा नगर निगम में राजस्व वसूली को गति देने और टैक्स कलेक्शन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आयुक्त एस.के. सुंदरानी ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में वार्डवार टैक्स वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए कर्मचारियों को नियमित वसूली, दैनिक रिपोर्टिंग और कार्यों की निगरानी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बुधवार, 25 नवंबर को निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में आयुक्त ने प्रत्येक वार्ड में टैक्स वसूली की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक राजस्व निरीक्षकों से वन-टू-वन चर्चा कर मासिक वसूली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वसूली कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
आयुक्त सुंदरानी ने निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में लगे सभी कर्मचारी प्रतिदिन संकलित राशि की जानकारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें। इस ग्रुप में विभागीय लिपिक के साथ लेखा शाखा के कैशियर और अकाउंटेंट को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा ऑनलाइन सर्वेक्षण कार्य में लगी कंपनी के प्रतिनिधियों को भी ग्रुप में शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि राजस्व वसूली से संबंधित जानकारी सभी जिम्मेदारों तक नियमित रूप से पहुंच सके।
हर सप्ताह होगी वसूली की समीक्षा
आयुक्त ने कहा कि प्रतिदिन व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाने वाली राजस्व वसूली की जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह टैक्स कलेक्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस व्यवस्था से वार्डवार वसूली की प्रगति पर नजर रखने, कम वसूली वाले क्षेत्रों की पहचान करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी।
बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी श्रीमती अरुणिमा दुबे सहित सहायक राजस्व निरीक्षक राम अवतार साहू, बलराम चेलक, मो. यासिन, पदुम कुमार देशलहरा, राजेन्द्र चंद्राकार, बसंत वर्मा, मन्नू लाल, संतोष सिन्हा, लालाराम साहू, सृष्टि चंद्राकार, कृष्णा यादव एवं अर्जुन पाल उपस्थित रहे। विभागीय लिपिक श्रीमती टी. रामेश्वरी और जलकर संग्रहणकर्ता भागवत निर्मलकर भी बैठक में शामिल हुए।
निगम प्रशासन की इस पहल से राजस्व वसूली कार्य में नियमित निगरानी, पारदर्शिता और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। दैनिक रिपोर्टिंग और साप्ताहिक समीक्षा के माध्यम से निगम के राजस्व संग्रहण को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।





