रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) के संभावित असर को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रदेश में आगामी दिनों में बारिश और खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य संचालनालय ने प्रदेश के सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Table Of Content
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को भेजे गए पत्र में अस्पतालों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
20 और 21 नवंबर को बारिश की संभावना, पहले से तैयारी के निर्देश
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम फॉर इमरजेंसी रिस्पांस (ICR-ER) की एडवाइजरी के आधार पर 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम की स्थिति बिगड़ने पर जलभराव, बाढ़, बिजली आपूर्ति बाधित होने और अन्य आपातकालीन समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों को अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा है।
अस्पतालों को इन 8 व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
स्वास्थ्य संचालनालय ने अस्पतालों में मरीजों को बिना किसी बाधा के उपचार उपलब्ध कराने के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।
1. सभी स्वास्थ्य संस्थान अलर्ट पर रहेंगे: जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य संवेदनशील स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं।
2. दवाइयों और चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता: अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, ऑक्सीजन, आपातकालीन चिकित्सा सामग्री और जीवनरक्षक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखे जाएं।
3. बिजली और ऑक्सीजन की वैकल्पिक व्यवस्था: बिजली गुल होने की स्थिति में जनरेटर और बैकअप विद्युत व्यवस्था चालू हालत में रखी जाए। ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम की भी जांच की जाए।
4. एंबुलेंस सेवाएं रहेंगी सक्रिय: आपातकालीन परिवहन और एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
5. प्रभावित क्षेत्रों के लिए मेडिकल टीम तैयार: संभावित जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं जारी रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम तथा मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
6. अस्पताल परिसर का होगा निरीक्षण: जल निकासी, छतों, विद्युत उपकरणों और जरूरी चिकित्सा मशीनों की स्थिति की जांच कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
7. आपदा प्रबंधन से समन्वय: जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर रखा जाए, जिससे जरूरत के समय त्वरित कार्रवाई हो सके।
8. आपात स्थिति की सूचना तत्काल राज्य स्तर पर: अस्पताल में किसी प्रकार की क्षति, मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि या स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी तत्काल राज्य मुख्यालय को भेजी जाए।
मरीजों के उपचार में बाधा न आए, इसलिए विभाग ने बढ़ाई सतर्कता
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अधिकारियों और अस्पताल प्रभारियों को निर्देशों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पालन करने को कहा है। विभाग का उद्देश्य संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान भी प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
अब सभी जिलों में अस्पतालों की तैयारियों और आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।





