कहां है क्रांति की उद्दाम आकांक्षा?
ओशो- एक विचारक भारत आया था, काउंट कैसरलेन। लौट कर उसने एक किताब लिखी है। उस किताब को मैं पढ़ता था तो मुझे बहुत हैरानी होने लगी। उसने एक वाक्य लिखा है, जो मेरी समझ के बाहर हो गया; क्योंकि वाक्य कुछ ऐसा मालूम पड़ता था जो कि कंट्राडिक्टरी है, विरोधाभासी है। फिर मैंने सोचा, छापेखाने की कोई भूल हो गई होगी। तो खयाल आया कि किताब जर्मनी में छपी है। जर्मनी में छापेखाने की भूलें तो होती नहीं। वह तो हमारे ही देश में होती हैं। यहां तो किताब छपती है, उसके ऊपर पांच-छह पन्ने की भूल-सुधार वह छपा रहता है। और उन पांच-छह पन्नों को भी गौर से पढ़िए तो उसमें भी भूलें मिल जाएंगी! वह किताब जर्मनी में छपी है, भूल नहीं हो सकती।
फिर मैंने गौर से पढ़ा, फिर बार-बार सोचा, फिर खयाल में आया–भूल नहीं की है, उस आदमी ने मजाक की है। उसने लिखा है कि मैं हिंदुस्तान गया। मैं एक नतीजा लेकर वापस आया हूं: इंडिया इज़ ए रिच कंट्री, व्हेअर पुअर पीपुल लिव। हिंदुस्तान एक अमीर देश है, जहां गरीब आदमी रहते हैं!
मैं बहुत हैरान हुआ, यह कैसी बात है! अगर देश अमीर है तो गरीब आदमी क्यों रहते हैं वहां? और देश अगर अमीर है तो वहां के लोग गरीब क्यों हैं?
लेकिन वह मजाक कर रहा है। वह यह कह रहा है कि हिंदुस्तान के पास जवानी नहीं है, जो कि देश के छिपे हुए धन को प्रकट कर दे और देश को धनवान बना दे। देश में धन छिपा हुआ है, लेकिन देश बूढ़ा है। बूढ़ा कुछ कर नहीं सकता। धन खदानों में पड़ा रह जाता है, बूढ़ा भूखा मरता रहता है। धन जमीन में दबा रह जाता है, बूढ़ा भूखा मरता रहता है! देश बूढ़ा है, इसलिए गरीब है। देश जवान हो तो गरीब होने का कोई कारण नहीं है। देश के पास क्या कमी है?
लेकिन अगर हमें कुछ सूझता है तो हमें एक ही बात सूझती है कि जाओ दुनिया में भीख मांगो। जाओ अमेरिका, जाओ रूस, हाथ फैलाओ सारी दुनिया में। भिखारी होने में हमें शर्म भी नहीं आती, हम जवान हैं? रास्ते पर एक जवान आदमी, स्वस्थ आदमी भीख मांगता हो तो हम उससे कहते हैं कि जवान होकर भीख मांगते हो? और हम कभी नहीं सोचते कि हमारा पूरा मुल्क सारी दुनिया में भीख मांग रहा है तो हमें जवान होने का हक रह जाता है?
सड़क पर भीख मांगते आदमी से कोई भी कह देता है: जवान होकर भीख मांगते हो? हम जानते हैं कि जवान होकर भीख मांगना लज्जा से भरी हुई बात है, अपमानजनक है। जवान को पैदा करना चाहिए। हां, बूढ़ा भीख मांगता हो तो हम क्षमा कर सकते हैं, अब उससे आशा नहीं पैदा करने की।
सारी दुनिया में हम भीख मांग रहे हैं! उन्नीस सौ सैंतालीस के बाद अगर हमने कोई महान कार्य किया है तो वह यही कि हमने सारी दुनिया में भीख मांगने में सफलता पाई है। शर्म भी नहीं आती हमें! दुनिया क्या सोचती होगी कि कितना बूढ़ा देश है, कुछ कर नहीं सकता, सिर्फ भीख मांग सकता है!
लेकिन उन्हें पता नहीं है कि हम पहले से ही पैदा करने की बजाय भीख मांगने को आदर देते रहे हैं। हिंदुस्तान में जो भीख मांगता है, वह आदृत है उससे, जो पैदा करता है। ब्राह्मण हजारों साल तक देश में आदृत रहे हैं सिर्फ इसलिए कि वे पैदा नहीं करते और भीख मांगते हैं।
और हिंदुस्तान ने बड़े-बड़े भिखारी पैदा किए हैं, महापुरुष–बुद्ध से लेकर विनोबा तक–सब भीख मांगने वाले महापुरुष! और अगर सारा मुल्क भीख मांगने लगा तो हर्ज क्या है? हम सब महापुरुष हो गए हैं! महापुरुषों का देश है, सारा देश महापुरुष हो गया है। हम सारी दुनिया में भीख मांग रहे हैं। भिक्षावृत्ति बड़ी धार्मिक वृत्ति है!
पैदा करने में हिंसा भी होती है, पैदा करने में श्रम भी उठाना पड़ता है। और फिर हम पैदा क्यों करें? जब भगवान ने हमें पैदा कर दिया है तो भगवान इंतजाम करे! जिसने चोंच दी है, वह चून भी देता है, देगा! हम अपनी चोंच को हिलाते फिरेंगे सारी दुनिया में कि चून दो, क्योंकि क्यों हमें पैदा किया है? और जो हमें भीख देंगे, उनको हम गालियां देंगे कि तुम भौतिकवादी हो–यू मैटीरियलिस्ट! तुम भौतिकवाद में मरे जा रहे हो, हम आध्यात्मिक लोग हैं! हम इतने आध्यात्मिक हैं कि हम पैदा भी नहीं करते; सिर्फ खाते हैं। खाना आध्यात्मिक काम है, पैदा करना भौतिक काम है। भोगना आध्यात्मिक काम है। श्रम करना? श्रम आध्यात्मिक लोग कभी नहीं करते। महात्मा कभी श्रम करते हैं? महात्मा कभी श्रम नहीं करते, हीन आत्माएं श्रम करती हैं। महात्मा भोग करते हैं। पूरा देश महात्मा हो गया है!
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
संभोग से समाधि की ओर-(प्रवचन-11)





