दुर्ग के चार प्रमुख तालाबों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
दुर्ग। छठ महापर्व को लेकर नगर पालिक निगम दुर्ग ने शहर के तालाबों और घाटों की सफाई व्यवस्था तेज कर दी है। इसी कड़ी में महापौर अलका बाघमार ने शुक्रवार को स्वयं मोर्चा संभालते हुए जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के साथ शहर के चार प्रमुख तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेवा तालाब में स्वयं फावड़ा चलाकर सफाई अभियान में श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
महापौर अलका बाघमार ने रेवा तालाब, शक्तिनगर तालाब, पुजारी तालाब एवं कातुलबोर्ड तालाब पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तालाबों में फैली जलकुंभी, कचरे और गंदगी को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
रेवा तालाब में महापौर ने किया श्रमदान
निरीक्षण के दौरान रेवा तालाब में महापौर ने केवल अधिकारियों को निर्देश देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर एवं पार्षद मनोज सोनी ने भी श्रमदान करते हुए तालाब से जलकुंभी और कचरा निकालने में सहयोग किया। जनप्रतिनिधियों की इस पहल से निगम अमले का उत्साह भी बढ़ा।
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व से पहले सभी तालाबों एवं घाटों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए। घाटों के आसपास विशेष स्वच्छता, श्रद्धालुओं के आवागमन और पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
हर महीने होगी तालाबों की नियमित सफाई
महापौर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि तालाबों की सफाई केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शहर के प्रत्येक तालाब की महीने में कम से कम एक बार नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलस्रोतों की स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण एवं श्रमदान के दौरान पार्षद रंजीता पाटिल, सुरुचि उमरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, करण करोसिया सहित निगम की टीम एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





