कमिश्नर एस.के. सुंदरानी की पहल से पार्षदों को जून से सितंबर तक का मानदेय मिला, निगम अधिकारी-कर्मचारियों के खातों में भी सितंबर तक का वेतन जमा
भिलाई-चरोदा। दीपावली से पहले नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के पार्षदों और अधिकारी-कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित मानदेय और वेतन का भुगतान शुरू कर दिया गया है। निगम कमिश्नर एस.के. सुंदरानी की पहल पर पार्षदों को जून 2026 से सितंबर 2026 तक चार माह का लंबित मानदेय जारी कर दिया गया है। वहीं निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को भी सितंबर 2026 तक का वेतन उनके बैंक खातों में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय अभाव के चलते निगम के पार्षदों को पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिल पाया था। इसके अलावा निगम के कर्मचारियों, विशेषकर अभियंता वर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी दो से तीन माह का वेतन लंबित था। भुगतान नहीं होने के कारण जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगम कमिश्नर एस.के. सुंदरानी ने पिछले कार्य दिवस पर लेखा शाखा को निर्देशित कर वेतन एवं मानदेय भुगतान से संबंधित सभी लंबित फाइलें तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। इसके बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर 2 नवंबर 2026 तक पार्षदों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के बैंक खातों में सितंबर माह तक की राशि भेज दी गई।
दीपावली से पहले लंबित भुगतान मिलने से निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही वार्ड पार्षदों ने भी राहत की सांस ली है। कमिश्नर की इस पहल से लंबे समय से प्रतीक्षित भुगतान की समस्या का समाधान हुआ है और त्योहारी सीजन में संबंधित लोगों को आर्थिक राहत मिली है।





