मंत्री गजेंद्र यादव ने कलेक्टर और एसएसपी के साथ कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
Table Of Content
भिलाई। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की श्रद्धांजलि सभा आगामी 5 नवंबर को भिलाई-3 में आयोजित की जाएगी। शाम 4 बजे से स्वामी आत्मानंद जनता इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों के विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
श्रद्धांजलि सभा से एक दिन पहले, 4 नवंबर को दिवंगत विधायक के गृहग्राम भेंडरा में सामाजिक एवं पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मंत्री गजेंद्र यादव ने लिया तैयारियों का जायजा
भिलाई-3 में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं भिलाई-चरोदा नगर निगम के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने और आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, भिलाई-चरोदा नगर निगम आयुक्त एसके सुंदरानी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, जिला महामंत्री सुषमा जेठानी, वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप पटेल, निगम नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय, सचेतक तुलसी ध्रुव, भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरी शंकर, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर तथा भाजपा नेता मुकेश अग्रवाल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित इस सभा को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन और निगम अमला कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटा हुआ है।





