दुर्ग में अतिक्रमण पर निगम का शिकंजा, 3 ठेले और 20 सोफा सेट जब्त
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुधारने अभियान तेज, इंदिरा मार्केट और मालवीय चौक के पास हुई कार्रवाई
दुर्ग। त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और प्रमुख बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने नगर पालिक निगम दुर्ग ने कार्रवाई तेज कर दी है। महापौर अलका बाघमार के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण अमले ने इंदिरा मार्केट, मल्टीलेवल पार्किंग और मालवीय चौक के आसपास कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान 3 हाथ ठेले और 20 नग सोफा सेट जब्त किए गए।
इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास से हटाया अतिक्रमण
निगम की टीम ने अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में इंदिरा मार्केट स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के समीप और मल्टीलेवल पार्किंग के आसपास कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से संचालित दुकानों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मल्टीलेवल पार्किंग के पास से तीन हाथ ठेले जब्त किए गए।
सड़क किनारे रखे 20 सोफा सेट जब्त
इसी क्रम में मालवीय चौक के आगे संभाग आयुक्त कार्यालय के समीप सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर रखे गए 20 सोफा सेट जब्त किए गए। सड़क किनारे सामान रखकर व्यवसाय किए जाने से आवागमन और सार्वजनिक स्थान के उपयोग में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई
निगम अमले ने संबंधित लोगों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और पार्किंग स्थलों पर दोबारा दुकान, ठेला या अन्य सामान रखकर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में नागरिकों को बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। यातायात बाधित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निरीक्षण किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।



