रक्तदान-नेत्रदान के साथ अंगदान का भी लिया संकल्प, सेवा संकल्प अभियान में आयोजित हुए स्वास्थ्य शिविर

 रक्तदान-नेत्रदान के साथ अंगदान का भी लिया संकल्प, सेवा संकल्प अभियान में आयोजित हुए स्वास्थ्य शिविर

पीएचसी भिलाई-3 में रक्तदान शिविर, नगर निगम चरोदा-भिलाई-3 में स्वास्थ्य जांच के साथ 10 लोगों ने भरा नेत्रदान संकल्प पत्र

भिलाई-3। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान, नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में रक्तदान शिविर तथा नगर निगम चरोदा-भिलाई-3 में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें रक्तदान एवं नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी गई और नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र भरवाए गए।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कठौतिया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं डॉ. शिखर अग्रवाल ने रक्तदान कर लोगों को इस सामाजिक कार्य के लिए प्रेरित किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य कार्यकर्ता नारायण साहू, हथखोज एवं डुमेश्वर यादव, डबरापारा ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।

शिविर में ब्लड बैंक के पैथोलॉजी विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चुरेंद्र एवं उनकी टीम ने रक्तदान करने पहुंचे लोगों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। जांच के उपरांत रक्त संग्रह किया गया। टीम द्वारा कुल 8 लोगों के रक्तदान से पहले आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी की गई।

सड़क हादसों और प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत

बीईटीओ सैय्यद असलम ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन तथा गर्भवती महिलाओं के प्रसव के दौरान कई बार रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदान से प्राप्त रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय मानकों के अनुसार नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। रक्तदान को लेकर लोगों में मौजूद भ्रांतियों को दूर करते हुए उन्होंने कहा कि सामान्यतः रक्तदान से स्वस्थ व्यक्ति में स्थायी कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

स्वास्थ्य जांच के साथ 15 लोगों को मिली जेनेरिक दवा

इसी क्रम में नगर निगम चरोदा-भिलाई-3 में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के दौरान 15 लोगों को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के माध्यम से जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

वहीं नेत्रदान के प्रति जागरूकता अभियान के दौरान 10 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नेत्रदान एवं अंगदान के महत्व की जानकारी देते हुए समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डॉ. अर्चना पांडेय, श्रीमती आर. विश्वास, देवेंद्र राजपूत, सिरसा कला के फार्मासिस्ट, श्रीमती स्मिता बागड़े, संजय सेन, श्रीमती लीलावती बंजारे, शांता चक्रवर्ती, पी. स्वामी एवं श्रीमती उषा वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान का उद्देश्य लोगों को केवल उपचार तक सीमित न रखते हुए रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान जैसे मानवीय कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सके और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।