कुम्हारी में सड़क-पुलिया निर्माण की लंबित मांगों को लेकर सांसद विजय बघेल से मिले जनप्रतिनिधि

 कुम्हारी में सड़क-पुलिया निर्माण की लंबित मांगों को लेकर सांसद विजय बघेल से मिले जनप्रतिनिधि

कैवल्य धाम से खारुन नदी किनारे रायपुर मार्ग के निर्माण की उठी मांग, रेलवे की बाधा दूर कराने सांसद ने दिया पहल का आश्वासन

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 एवं वार्ड क्रमांक 13 के ग्राम परसदा सहित आसपास की रिहायशी कॉलोनियों में आवागमन से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण से जुड़ी लंबित मांगों को सांसद के समक्ष रखा।

मुलाकात के दौरान कैवल्य धाम से खारुन नदी के किनारे होते हुए रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग के सड़क निर्माण को प्रमुखता से उठाया गया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस मार्ग के विकसित होने से कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 16, वार्ड क्रमांक 13 (परसदा) सहित आसपास की रिहायशी बस्तियों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिल सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि वर्तमान में मार्ग एवं आवश्यक पुल-पुलिया का निर्माण नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे हैं।

PWD की कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश

क्षेत्रवासियों की मांग को सुनने के बाद सांसद विजय बघेल ने संबंधित लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण की मांग को प्राथमिकता के आधार पर मांग पत्र एवं कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।

प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण के मार्ग में आने वाली रेलवे संबंधी बाधाओं की ओर भी सांसद का ध्यान आकर्षित किया। इस पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि रेलवे से संबंधित विषय को लेकर वे स्वयं रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से चर्चा करेंगे तथा आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सांसद स्तर पर पहल करेंगे।

विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि सड़क और आवश्यक पुल-पुलिया का निर्माण होता है तो कुम्हारी क्षेत्र के लोगों को रायपुर आवागमन के लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। साथ ही वार्ड क्रमांक 13 एवं 16 सहित आसपास की रिहायशी कॉलोनियों में आवागमन की समस्या का भी समाधान होने की उम्मीद है।

मुलाकात के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा, पार्षद अनुराग गुप्ता, एल्डरमैन अवधेश शुक्ला एवं अनुज शुक्ला सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।