उधार से अधिक रकम की वसूली के आरोप में महिला सहित 3 गिरफ्तार, मां-बेटे से मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला

 उधार से अधिक रकम की वसूली के आरोप में महिला सहित 3 गिरफ्तार, मां-बेटे से मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला

पति के इलाज के लिए लिए थे 20 हजार रुपये उधार, मूलधन-ब्याज चुकाने के बाद भी अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप; पुलिस ने आरोपी के घर से कोरा चेक और दस्तावेज किए बरामद

भिलाई। पति के उपचार के लिए लिए गए 20 हजार रुपये के उधार की रकम और ब्याज चुकाने के बावजूद अतिरिक्त राशि की मांग करने तथा रकम देने से इनकार करने पर महिला और उसके पुत्र से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रार्थिया का एक कोरा चेक एवं उससे संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को श्रीमती रेखा ताण्डी, निवासी सुपेला, ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति की तबीयत खराब होने के कारण उपचार के लिए उन्होंने पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस राशि के एवज में साप्ताहिक ब्याज की मांग की जा रही थी।

अतिरिक्त रकम देने से इनकार करने पर घर ले जाने का आरोप

प्रार्थिया के अनुसार, एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जताने पर पूजा राव उसे उपचार कराने की बात कहकर अपने वाहन से अपने घर ले गई। वहां पूजा राव, चंदन राव और प्रवीण शर्मा द्वारा प्रार्थिया एवं उसके पुत्र से अतिरिक्त रकम की मांग की गई।

आरोप है कि रकम देने में असमर्थता जताने पर तीनों ने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

प्रार्थिया की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

विवेचना के दौरान पूजा राव के घर की तलाशी ली गई, जहां से प्रार्थिया का एक कोरा चेक और उससे संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

20 सितंबर को तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस ने मामले में पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव, चंदन राव और प्रवीण शर्मा को 20 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार ऐसे दिया गया घटना को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा प्रार्थिया से उधार दी गई राशि एवं ब्याज की वसूली के बाद भी अतिरिक्त रकम की मांग की गई। रकम देने में असमर्थता जताने पर प्रार्थिया और उसके पुत्र को घर ले जाकर धमकी एवं मारपीट के माध्यम से अतिरिक्त राशि वसूलने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।

घटना स्थल

सेक्टर-01, सड़क नंबर 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी, भिलाई, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग।

गिरफ्तार आरोपी

1. पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव, उम्र 42 वर्ष, निवासी सेक्टर-01, सड़क नंबर 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी, भिलाई।

2. चंदन राव, उम्र 25 वर्ष, निवासी सेक्टर-01, सड़क नंबर 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी, भिलाई।

3. प्रवीण शर्मा, उम्र 48 वर्ष, निवासी सेक्टर-01, सड़क नंबर 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी, भिलाई।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद

  • प्रार्थिया का 01 नग कोरा चेक
  • प्रार्थिया से संबंधित दस्तावेज

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, सउनि भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक आशीष प्रसाद एवं अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर अनधिकृत अथवा अनुचित ब्याज एवं वसूली के दबाव में न आएं। यदि किसी व्यक्ति द्वारा धमकी, मारपीट या जबरन वसूली की जाती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि किसी भी विवाद में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।