संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण में दुर्ग संभाग में कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू
ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स को संगठन मजबूती का प्रशिक्षण, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने किया दीप प्रज्वलन से शुभारंभ
दुर्ग। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के द्वितीय चरण के तहत दुर्ग संभाग में ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव तथा संगठन-प्रशासन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर AICC सचिव एवं छत्तीसगढ़ सहप्रभारी संपत कुमार और विजय जांगिड़ की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना तथा ब्लॉक स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविंद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, धनेश पटिला एवं प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया एवं श्रीमती संगीता सिन्हा, कुंवर सिंह निषाद, देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, श्रीमती ममता चंद्राकर, श्रीमती छन्नी साहू, अरुण वोरा एवं गुरुदयाल बंजारे सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अरुण ताम्रकार सहित दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों के जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए।
संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने पर जोर
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स को संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस द्वारा ब्लॉक और बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुए इस प्रशिक्षण शिविर को दुर्ग संभाग में कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिविर में शामिल पदाधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संगठन सृजन अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



