राधिका नगर में निगम की सख्ती: नियम तोड़ने वालों पर चला चालान, 8,700 रुपये जुर्माना वसूला

 राधिका नगर में निगम की सख्ती: नियम तोड़ने वालों पर चला चालान, 8,700 रुपये जुर्माना वसूला

गीला-सूखा कचरा अलग नहीं रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल, डस्टबिन की कमी और नाली अतिक्रमण पर कार्रवाई

भिलाईनगर। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और नगर निगम के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई की टीम ने जोन क्रमांक-01 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-07 राधिका नगर क्षेत्र में विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 8,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

निगम आयुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था, कचरे के पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, डस्टबिन की उपलब्धता, अनुज्ञप्ति लाइसेंस तथा नाली पर अतिक्रमण जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर जुर्माना

निरीक्षण के दौरान सत्यम चाय नाश्ता में सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर 700 रुपये, शाह बुद्धिन किराना स्टोर पर 400 रुपये, कुसुम जनरल स्टोर पर 500 रुपये तथा अनिल इडली डोसा सेंटर पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं बार्बर हेयर कटिंग में डस्टबिन नहीं पाए जाने पर 400 रुपये तथा अनिल डोसा सेंटर में डस्टबिन की व्यवस्था नहीं होने पर 200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

लाइसेंस और नाली अतिक्रमण पर भी कार्रवाई

निगम टीम ने सांझ रेस्टोरेंट के खिलाफ अनुज्ञप्ति लाइसेंस संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा सुशील मुखर्जी के खिलाफ नाली में अतिक्रमण पाए जाने पर 1,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

इस तरह निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 8,700 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की।

नियमों का पालन करने निगम की अपील

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। निगम ने कहा है कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना, प्रतिष्ठानों में डस्टबिन रखना, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करना तथा अनुज्ञप्ति एवं अन्य निगम नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी तरह चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।