अमलेश्वर में ईंट फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरी, ₹20 हजार का सामान ले उड़े अज्ञात चोर

 अमलेश्वर में ईंट फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरी, ₹20 हजार का सामान ले उड़े अज्ञात चोर

अमलेश्वर। थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित बंसल फ्लाई ऐश ब्रिक्स फैक्ट्री में अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी फैक्ट्री मैनेजर को दोपहर में वापस लौटने पर हुई। शिकायत के आधार पर अमलेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लोकेश साहू (36), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अमलेश्वर, ग्राम सांकरा स्थित बंसल फ्लाई ऐश ब्रिक्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 26 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे वे फैक्ट्री में रखे सामान को लेने पहुंचे थे। सामान निकालने के बाद करीब 10 बजे फैक्ट्री के दरवाजे पर ताला लगाकर दूसरी ईंट फैक्ट्री चले गए।इसके बाद दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच जब वे वापस सांकरा स्थित फैक्ट्री पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर सामान की जांच करने पर वहां रखा पुराना इस्तेमाल किया हुआ समरसिबल पंप, स्टार्टर, केबल और एंगल गायब मिले।

लोकेश साहू ने आसपास पूछताछ की, लेकिन चोरी करने वाले व्यक्ति अथवा सामान के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक को दी और 27 अगस्त को थाना अमलेश्वर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया चोरी और ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करने का अपराध पाए जाने पर धारा 305(ए) और 331(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश के साथ चोरी गए सामान और आरोपी की पतासाजी में जुटी है।