बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों की निगम ने कराई तत्काल मरम्मत, शिकायत मिलते ही डब्ल्यूएमएम से किया फिलिंग कार्य

 बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों की निगम ने कराई तत्काल मरम्मत, शिकायत मिलते ही डब्ल्यूएमएम से किया फिलिंग कार्य

भिलाईनगर। बारिश के कारण शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्र अंतर्गत डॉ. खूबचंद बघेल पार्क मार्ग पर सड़क में बने गड्ढों की शिकायत मिलते ही निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार कार्य कराया।

लगातार हो रही बारिश के चलते डॉ. खूबचंद बघेल पार्क मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नागरिकों द्वारा इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन एवं निदान के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी।

शिकायत प्राप्त होते ही जोन-1 नेहरू नगर की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान गड्ढों को चिन्हांकित कर उनमें डब्ल्यूएमएम (Wet Mix Macadam) डालकर फिलिंग का कार्य कराया गया। निगम की त्वरित कार्रवाई से सड़क की स्थिति में सुधार हुआ है और अब नागरिकों को आवागमन में अपेक्षाकृत सुविधा मिलेगी।

ऑनलाइन शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता

नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से प्राप्त ऑनलाइन शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष रूप से बारिश के मौसम में सड़कों, नालियों, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर संबंधित जोन की टीमों को मौके पर भेजकर आवश्यक सुधार कार्य कराया जा रहा है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण कर उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।