मजदूरों की मांगों को लेकर बीएमएस ने भरी हुंकार, कलेक्टर को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

 मजदूरों की मांगों को लेकर बीएमएस ने भरी हुंकार, कलेक्टर को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी ₹30 हजार करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर दुर्ग में निकली रैली, श्रम संहिताओं में श्रमिक विरोधी प्रावधान हटाने की मांग

दुर्ग। राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी ₹30 हजार निर्धारित करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ईएसआई की वेतन सीमा में बढ़ोतरी, विभिन्न योजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, नगरीय निकाय कर्मचारियों के लिए नवीन सेटअप लागू करने तथा प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जिला दुर्ग ने मंगलवार को आवाज बुलंद की। संगठन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

अखिल भारतीय भारतीय मजदूर संघ के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी राजेंद्र पार्क, दुर्ग के सामने एकत्र हुए। यहां आयोजित सभा में केंद्र सरकार द्वारा लागू नवीन श्रम संहिता में किए गए प्रावधानों तथा प्रदेश के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के समक्ष व्याप्त समस्याओं को लेकर वक्ताओं ने अपनी बात रखी।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, दिनेश पाण्डेय, हरिशंकर चतुर्वेदी, शरद दुबे, संजय मिश्रा, अनिल सिंह, शशिभूषण मोहंती, उमेश मिश्रा, शिवेद दुबे और प्रदीप पाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

मांगों के समर्थन में निकाली रैली

सभा के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं मजदूर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। रैली में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ, इस्पात मजदूर कर्मचारी संघ, बिजली कर्मचारी संघ, निर्माणी मजदूरी संघ, खदान मजदूरी संघ, मध्यान्ह भोजन रसोईया संघ, पोस्टल कर्मचारी संघ और राज्य कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली में महिला और पुरुष कर्मचारियों की भी बड़ी भागीदारी रही। विशेष रूप से प्लेसमेंट कर्मचारियों की मौजूदगी उल्लेखनीय रही।

रैली के दौरान कर्मचारियों ने श्रमिक हितों से जुड़ी मांगों को लेकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने “बीएमएस जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की।

एसडीएम को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने पुलिस की व्यवस्था के बीच बीएमएस पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से श्रमिकों से जुड़ी विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के बाद रैली के समापन की घोषणा जिला भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष मिथलेश विश्वकर्मा ने की।

इस अवसर पर वंश बहादुर सिंह, बी.एस. राजपूत, अशोक देवांगन, रामवृक्ष यादव, गोपाल सिन्हा, दुर्गेश गुप्ता, शशिकांत यादव, ईश्वर वर्मा, वसुंधरा चैरे, प्रमिला देवांगन, विवेक रंगनाथ, गवेल, विशाल लकड़ा, कृष्ण कुमार, राम अवतार साहू, रोहित बंजारे, कृष्णा देशमुख, संतोष पाण्डेय, महेश वर्मा, अमित चंद्राकर, विकासचंद त्रिपाठी, दुर्गेश गायकवाड़, सुधीर रात्रे, अंजू साहू, चंद्रपाल हरमुख और अमित दास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवीन कुमार साहू
जिला सह मीडिया प्रभारी
भारतीय मजदूर संघ, दुर्ग