डायल-112 वाहन पर ईंट से हमला, सामने का शीशा तोड़ा; आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज

 डायल-112 वाहन पर ईंट से हमला, सामने का शीशा तोड़ा; आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज

पाटन। ग्राम देमार भाठापारा में डायल-112 की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के शासकीय वाहन पर एक व्यक्ति द्वारा ईंट से हमला कर सामने का शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डायल-112 वाहन क्रमांक CG03 A 2645 में चालक टेमन लाल सिन्हा और आरक्षक क्रमांक 1498 दीपक मानिकपुरी 14 अगस्त की रात 9 बजे से 15 अगस्त की सुबह 9 बजे तक ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 10:38 बजे कॉलर भोजराम कोसे के मोबाइल से इवेंट क्रमांक 686984 प्राप्त हुआ। सूचना पर दोनों पुलिसकर्मी ग्राम देमार भाठापारा पहुंचे।

कॉलर का घर अंदर गली में होने के कारण डायल-112 वाहन को सड़क पर खड़ा कर दोनों पुलिसकर्मी पैदल उसके घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11:10 बजे एक व्यक्ति कॉलर के घर की ओर से भागता हुआ उनकी तरफ आया। उसने खुद को टिकेश्वर उर्फ टिकु यादव बताते हुए पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर विवाद किया और कहा कि “जो उखाड़ना है उखाड़ लेना।” इसके बाद उसने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर डायल-112 वाहन के सामने के शीशे पर मार दी।

ईंट लगने से शासकीय वाहन का सामने का शीशा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिसकर्मियों द्वारा कॉलर के घर पहुंचने पर भोजराम कोसे और उसके पुत्र लाभचंद कोसे ने बताया कि भागने वाला व्यक्ति टिकेश्वर यादव, निवासी ग्राम देमार है। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी द्वारा उनके घर का विद्युत मीटर और दरवाजा तोड़ने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद चालक टेमन लाल सिन्हा ने थाना पाटन पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धारा 3-LCG एवं 324(3)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।