खेतों में बने तीन कृषि मकानों के ताले टूटे, 25 हजार का सामान चोरी
275 मीटर केबल वायर, स्प्रिंकलर सेट, स्प्रे पंप और वेल्डिंग मशीन ले गए अज्ञात चोर; पाटन पुलिस ने दर्ज किया मामला
पाटन। ग्राम सावनी-चीचाखार में खेतों में बने कृषि सामान रखने के मकानों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 25 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने तीन अलग-अलग किसानों के खेतों में बने कमरों के ताले तोड़कर कृषि उपकरण एवं केबल वायर चोरी कर लिए। घटना की शिकायत पर पाटन पुलिस ने धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम सावनी-चीचाखार निवासी राज कुमार चंद्राकर खेती-किसानी का काम करते हैं। उनके पिता केशव राम चंद्राकर के नाम से एयरटेल टावर के पास करीब 7 एकड़ कृषि भूमि है। खेत में कृषि सामग्री रखने के लिए एक कमरा बनाया गया है। इसमें 8 नग स्प्रिंकलर सेट, स्प्रे पंप मशीन सहित बोर से स्टार्टर तक करीब 75 मीटर केबल वायर लगा हुआ था।
राज कुमार के मुताबिक 15 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे तक सामान सुरक्षित था। अगले दिन 16 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे जब वे खेत में पंप चालू करने पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर रखे 8 नग स्प्रिंकलर सेट, स्प्रे पंप मशीन तथा बोर से स्टार्टर तक लगा करीब 75 मीटर केबल वायर गायब था।
इसी दौरान पड़ोसी किसान किशन सोनकर ने भी बताया कि उसके खेत में बने कृषि सामान रखने वाले कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर बोर से स्टार्टर तक लगा करीब 80 मीटर केबल वायर काटकर ले गए हैं।
वहीं किसान सत्यनारायण देव के खेत में बने मकान में भी चोरी हुई। उनके चौकीदार आशाराम निर्मलकर ने बताया कि अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर करीब 120 मीटर पुराना इस्तेमाल किया हुआ केबल वायर और एक पुरानी वेल्डिंग मशीन चोरी कर ले गए।
तीनों घटनाओं में कुल 275 मीटर पुराना इस्तेमाल किया हुआ केबल वायर, स्प्रे पंप मशीन, 8 नग नोजल/स्प्रिंकलर सेट और एक वेल्डिंग मशीन चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
एक ही रात में खेतों में बने तीन कृषि मकानों में चोरी की घटना सामने आने से आसपास के किसानों में भी चिंता का माहौल है। शिकायत मिलने के बाद पाटन पुलिस ने धारा 305(ए)-बीएनएस और 331(4)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश एवं घटना की जांच शुरू कर दी है।

