वीडियो कॉल के दौरान बनाया अश्लील वीडियो, रिश्तेदारों को भेजकर किया प्रसारित; यूपी से आरोपी गिरफ्तार
खुर्सीपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देवरिया से पकड़ाया आरोपी; मोबाइल फोन जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
भिलाई। वीडियो कॉल के दौरान युवती का उसकी जानकारी और सहमति के बिना अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में खुर्सीपार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के देवरिया से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रिश्तेदारों के व्हाट्सएप पर भेजा अश्लील वीडियो
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना खुर्सीपार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी मनीष साहनी ने वीडियो कॉल के दौरान उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उक्त वीडियो को मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता के रिश्तेदारों के व्हाट्सएप पर भेजा और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया।
घटना से पीड़िता की निजता एवं प्रतिष्ठा प्रभावित होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
BNS और IT Act की धाराओं में अपराध दर्ज
पीड़िता की रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 279/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 79 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66E, 67 एवं 67A के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार से विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम आरोपी की तलाश में देवरिया, उत्तर प्रदेश पहुंची। पुलिस ने लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान पीड़िता का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद उक्त वीडियो को व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए पीड़िता के रिश्तेदारों तक पहुंचाकर प्रसारित किया गया। पुलिस ने मामले में डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया है।
घटना स्थल
गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
गिरफ्तार आरोपी
मनीष साहनी, उम्र 27 वर्ष
निवासी — नया नगर, देवरिया, उत्तर प्रदेश।
जब्त सामग्री
- घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट, पीएसआई सौरभ, सहायक उप निरीक्षक तुलसी, सहायक उप निरीक्षक राजमणि सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेश मिश्रा एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी व्यक्ति की निजी फोटो अथवा वीडियो को उसकी अनुमति के बिना प्रसारित करना दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा संबंधित साइबर शिकायत माध्यम को दी जानी चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की निजता भंग करने अथवा अश्लील सामग्री का अवैध प्रसारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



