कुम्हारी की खारुन ग्रीन्स कॉलोनी में ‘मां सौम्या दुर्गा मैया तरुणी शाखा’ का शुभारंभ, बालिकाओं में दिखा उत्साह


कुम्हारी। राष्ट्रीय सेविका समिति कुम्हारी के मार्गदर्शन में खारुन ग्रीन्स कॉलोनी स्थित कुबेरेश्वर महादेव धाम मंदिर परिसर में ‘मां सौम्या दुर्गा मैया तरुणी शाखा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। शाखा के प्रारंभ होते ही स्थानीय बालिकाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में उन्होंने इसमें सहभागिता दर्ज कराई।
शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय सेविका समिति की सेविकाएं कु. नीलम कोशले एवं प्रीति ने उपस्थित बालिकाओं को तरुणी शाखा के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं इसके माध्यम से व्यक्तित्व विकास, संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रसेवा की भावना को विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से शाखा से जुड़कर शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में लगभग 15 से 17 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी बालिकाओं ने भविष्य में अपनी सहेलियों को भी शाखा से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे अधिकाधिक युवतियां संगठन की गतिविधियों का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेविका समिति की दुर्ग जिला संभाग प्रभारी श्रीमती राखी विश्वास, जिला कार्यवाहिका एवं संभाग सह प्रभारी कु. नीलम कोशले तथा राष्ट्रीय सेविका समिति कुम्हारी की नगर कार्यवाहिका श्रीमती योगिता पटेल के प्रति सभी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति कुम्हारी की ‘मां महामाया शाखा’ के मार्गदर्शन में यह नई शाखा ‘मां सौम्या दुर्गा मैया तरुणी शाखा’ के नाम से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। अंत में भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार की शाखाएं बालिकाओं में संस्कार, आत्मविश्वास, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



