भिलाई निगम की नई आयुक्त सुरूचि सिंह का एक्शन मोड, स्वच्छता, ड्रेनेज और जनसुविधाओं का किया जमीनी निरीक्षण एसएलआरएम सेंटर, कोसा नाला, गोठान और नवनिर्मित डॉग हाउस का किया औचक दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की नव-नियुक्त आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह (आईएएस) ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मैदानी स्तर पर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने निगम के जोन-1 और जोन-2 क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर स्वच्छता, जल निकासी, पशु प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने अपने निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 नेहरू नगर स्थित एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर से की। यहां उन्होंने कचरा पृथक्करण एवं निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता दीदियों से सीधे संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया।
इसके बाद आयुक्त एम.जे. कॉलेज के समीप स्थित कोसा नाला पहुंचीं, जहां उन्होंने नाले की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त जोन-2 पहुंचीं और वहां संचालित एसएलआरएम सेंटर की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने कचरा प्रबंधन की क्षमता, स्वच्छता मानकों और संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।इसके पश्चात उन्होंने निगम द्वारा निर्मित नवनिर्मित डॉग हाउस का निरीक्षण किया। यहां आवारा कुत्तों के सुरक्षित रखरखाव, टीकाकरण और बंध्याकरण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने पशु कल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही डॉग हाउस में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
आयुक्त ने गोठान का भी निरीक्षण किया और वहां मवेशियों के लिए उपलब्ध चारा, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोठान में पशुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा नियमित निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
उन्होंने कहा, “शहर की स्वच्छता, सुगम ड्रेनेज सिस्टम और जन-सुविधाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी फील्ड पर सक्रिय रहकर जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करें।”
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त एवं जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू एवं श्वेता माहेश्वर, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता शंकर सुवन मरकाम, पुरुषोत्तम सिन्हा, रीमा जामुलकर, चंदन निर्मल, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, शंकर साहनी सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।
नई आयुक्त के इस औचक निरीक्षण को निगम प्रशासन में जवाबदेही बढ़ाने और शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण कर विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा किए जाने की संभावना है।

