भिलाई नगर निगम को मिली नई कमान: IAS सुश्री सुरूचि सिंह ने आयुक्त का पदभार संभाला, जनहित और पारदर्शिता को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

 भिलाई नगर निगम को मिली नई कमान: IAS सुश्री सुरूचि सिंह ने आयुक्त का पदभार संभाला, जनहित और पारदर्शिता को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व CEO रहीं सुश्री सुरूचि सिंह का निगम मुख्यालय में आत्मीय स्वागत, अधिकारियों से ली विभागीय कार्यों की जानकारी।

भिलाईनगर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई के नए आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उन्हें नगर निगम भिलाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं।

नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह का आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने निगम के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर विभिन्न विभागों के कार्यों, चल रही विकास परियोजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

पदभार ग्रहण के दौरान निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें निगम की वर्तमान योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह को नगर पालिक निगम भिलाई का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और प्रभावी नेतृत्व से नगर निगम भिलाई में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ ही नागरिक सेवाओं में और अधिक पारदर्शिता एवं दक्षता आने की उम्मीद जताई जा रही है।