कुम्हारी को मिले नए एल्डरमैन: सांसद विजय बघेल से की शिष्टाचार मुलाकात, कहा— जनसेवा और विकास ही होगी पहली प्राथमिकता

 कुम्हारी को मिले नए एल्डरमैन: सांसद विजय बघेल से की शिष्टाचार मुलाकात, कहा— जनसेवा और विकास ही होगी पहली प्राथमिकता

भाजपा नेतृत्व का जताया आभार, संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का दिलाया भरोसा

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) के रूप में नियुक्त किए गए भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान नवनियुक्त एल्डरमैनों ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए धन्यवाद देते हुए नगर के विकास, जनकल्याण और संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।नगर पालिका परिषद कुम्हारी में प्रणव श्रीवास्तव (बॉबी), अवधेश शुक्ला, गोल्डी गोस्वामी, श्रीमती सुनीता कुर्रे एवं मनहरण साहू को एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त किया गया है। ये सभी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। इनमें प्रणव श्रीवास्तव (बॉबी) सबसे युवा एल्डरमैन हैं, जिनकी नियुक्ति को संगठन द्वारा युवा नेतृत्व को मिले सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

सांसद विजय बघेल से मुलाकात के दौरान सभी एल्डरमैनों ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।

इसके पश्चात नवनियुक्त एल्डरमैनों ने भाजपा दुर्ग जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता शशिकांत बघेल एवं संजय बघेल से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। सभी नेताओं ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा के कार्यों में पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

एल्डरमैनों की नियुक्ति से कुम्हारी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में बताया और विश्वास जताया कि नए एल्डरमैन नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई देने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजू निषाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, पार्षद डिकेश पटेल, उमाकांत साहू, अश्वनी देशलहरे, लोकेश साहू, ओंकार मार्कण्डेय, प्रवीण राव, सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव, सुजीत यादव, गिरीश सोनी, सूरज यादव, पंकज वर्मा, दीपक बैस, गोविंद बघेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।