विकास कार्यों की समीक्षा: सचिव संगीता आर. ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, हर 15 दिन में होगा निर्माण कार्यों का निरीक्षण

 विकास कार्यों की समीक्षा: सचिव संगीता आर. ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, हर 15 दिन में होगा निर्माण कार्यों का निरीक्षण

रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहे विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न शहरी योजनाओं की प्रगति को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव संगीता आर. ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

रायपुर नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों, नगर निगम प्रशासन और विभिन्न जोनों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान शहर में संचालित योजनाओं, अधोसंरचना विकास कार्यों और नागरिक सेवाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

लंबित परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश

समीक्षा के दौरान सचिव ने तकनीकी कारणों से अटके हुए निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बाधाओं को दूर कर लंबित परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। साथ ही जोन कमिश्नरों को प्रत्येक 15 दिन में कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया। सचिव ने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिम्मेदारियों का निर्वहन जवाबदेही और गंभीरता के साथ किया जाए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान

मानसून को देखते हुए सचिव संगीता आर. ने शहर के जलभराव प्रभावित इलाकों की पहचान कर वहां व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।

कर्मचारियों को समय पर वेतन देने पर जोर

बैठक में नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। सचिव ने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर वेतन उपलब्ध कराया जाए। उनके अनुसार समय पर भुगतान से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आता है।

पीएम आवास और स्वनिधि योजना पर फोकस

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों को तेजी से पूरा करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।

स्वच्छता रैंकिंग सुधारने की तैयारी

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा करते हुए सचिव ने रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा। उन्होंने शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन की नियमित मॉनिटरिंग और स्वच्छता व्यवस्था को राजधानी की गरिमा के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

नालंदा परिसर की व्यवस्थाएं होंगी और बेहतर

बैठक में नालंदा परिसर की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा हुई। सचिव ने अध्ययनरत विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय सहित विभाग एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।