सरस्वती सायकल योजना से 22 छात्राओं को मिली नई उड़ान
महापौर निर्मल कोसरे बोले – “बेटियों की शिक्षा में निवेश ही विकसित समाज की सबसे बड़ी पहचान”
भिलाई–3। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनियारी में छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती सायकल योजना के तहत कक्षा नवमीं की 22 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताते हुए छात्राओं को निरंतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला भिलाई के प्रवक्ता प्रेम लाल साहू, अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राज कुमार साहू, अति विशिष्ट अतिथि भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीता साहू उपस्थित रहीं।
महापौर निर्मल कोसरे ने बेटियों को दिया प्रेरणादायी संदेश
अपने संबोधन में महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि “बालिका शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत आधारशिला है। सरकार की सरस्वती सायकल योजना केवल एक साइकिल वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को नई गति देने का सशक्त माध्यम है। जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार और समाज शिक्षित एवं जागरूक बनता है।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने से उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी और ड्रॉपआउट दर में भी कमी आएगी। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन के बड़े लक्ष्य तय करने का आह्वान करते हुए कहा कि “आज आपके हाथों में सिर्फ साइकिल नहीं, बल्कि आपके उज्ज्वल भविष्य की चाबी है। इसका सदुपयोग कर अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे प्रदेश का नाम रोशन करें।”
प्रेम लाल साहू बोले – शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत
मुख्य अतिथि प्रेम लाल साहू ने कहा कि सरस्वती सायकल योजना बेटियों के आत्मविश्वास, शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी परिवार ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ आगे बढ़ने तथा बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का आह्वान किया।
शिक्षा सबसे बड़ा धन – राज कुमार साहू
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज कुमार साहू ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और नियमित विद्यालय आने की अपील की।
सीता साहू ने किया आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीता साहू ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने, कठिनाइयों का डटकर सामना करने और अपने सपनों को साकार कर समाज के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य आर.के. घोष ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन साहू सर ने किया।
इस अवसर पर बिसंभर साहू, बिसौहा राम वर्मा, यतींद्र वर्मा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

