अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भिलाई-3 में हुआ भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
भिलाई-3। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संचालनालय आयुष एवं जिला आयुष अधिकारी दुर्ग के मार्गदर्शन में आयुष योग वेलनेस सेंटर, भिलाई-3 में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आयुष विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, भाजपा युवा महामंत्री उपकार चंद्राकर, वार्ड पार्षद प्रेमलता चंद्राकर, दिलीप पटेल, खिलावन वर्मा, फिरोज फारुकी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में डॉ. अर्पिता शर्मा (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), विनय निर्मलकर (फार्मासिस्ट), जया सिंह कोठारी, उषा निर्गमकर एवं भुवन निर्मलकर सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष आकर्षण के रूप में भिलाई-3 में नियमित योगाभ्यास करने वाली महिलाओं द्वारा सामूहिक योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने एवं अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

