टोल प्लाजा के पास मामूली विवाद बना जानलेवा, ट्रक चालक की मौत के मामले में हाईवा चालक गिरफ्तार

 टोल प्लाजा के पास मामूली विवाद बना जानलेवा, ट्रक चालक की मौत के मामले में हाईवा चालक गिरफ्तार

कुम्हारी। वाहन खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने एक ट्रक चालक की जान ले ली। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक चालक के साथ मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को दुर्ग-रायपुर मार्ग स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक क्रमांक HR 38 Z 3022 के चालक ने कटिंग से यूटर्न लेते हुए अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG 04 LB 9345 वहां पहुंचा। वाहन खड़ी करने को लेकर दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हाईवा चालक द्वारा ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई थी।

पुलिस ने जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर इसे हत्या नहीं बल्कि अपराधिक मानव वध का मामला मानते हुए थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी देव कुमार साहु (37 वर्ष), निवासी ग्राम भूसरेंगा, पोस्ट बेलौदी, थाना रनचिरई, जिला बालोद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कुम्हारी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सड़क पर संयम बरतने की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में धैर्य और संयम बनाए रखें। छोटी-छोटी बातों को हिंसक रूप न दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।