होटल इन्द्रप्रस्थ में कथित अवैध बार संचालन, लेडीज डांस और अश्लीलता का आरोप, थाना में शिकायत दर्ज, देखें वीडियो

दुर्ग/भिलाई/कुम्हारी! थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत स्थित होटल इन्द्रप्रस्थ को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ बजरंग दल के जिला संयोजक पुष्पराज सिंह ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर होटल में कथित रूप से अवैध गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, होटल इन्द्रप्रस्थ के ऊपरी तल में लंबे समय से अवैध रूप से बार का संचालन किया जा रहा है। आरोप है कि यहां बाहर से महिलाओं को बुलाकर अश्लील गतिविधियां कराई जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के सामाजिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

स्वयं जाकर बनाई वीडियो साक्ष्य के तौर पर सौंपने का दावा

पुष्पराज सिंह का कहना है कि उन्हें लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के लिए वे स्वयं मौके पर पहुंचे और वहां की स्थिति का वीडियो बनाया। यह वीडियो 24 दिसंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच का बताया जा रहा है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

समाज और युवाओं पर गलत असर का आरोप

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि इस तरह की गतिविधियों से समाज, विशेषकर युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने इसे सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि होटल प्रबंधन के खिलाफ मामले की गंभीरता से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लग सके।

पुलिस जांच के बाद होगा खुलासा

फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और होटल प्रबंधन द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है या नहीं।

देखें वीडियो 

https://youtube.com/shorts/5M7FitzN0CQ?si=usuR0sd6cfWyJGN2