जिला प्रभारी रितु चौरसिया ने ली मंडलवार बैठक, संगठन में भरा नया उत्साह

मरवाही/प्रयास कैवर्त

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही की नव नियुक्त संगठन प्रभारी रितु चौरसिया ने जिला प्रभारी का दायित्व संभालते ही अपना पहला संगठनात्मक एवं परिचयात्मक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मरवाही विधानसभा क्षेत्र में मंडलवार बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

कुशल नेतृत्व का परिचय, पहले भी निभा चुकी हैं अहम भूमिका

रितु चौरसिया को एक कुशल एवं जुझारू नेत्री के रूप में जाना जाता है। कोरबा नगर निगम महापौर चुनाव में उन्होंने कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी थी। इसके पूर्व लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें मरवाही विधानसभा क्षेत्र का विशेष प्रभार सौंपा गया था, जहाँ उन्होंने अपनी संगठनात्मक क्षमता का परिचय देते हुए भाजपा की विजय में सराहनीय भूमिका निभाई थी।

उत्तर मंडल मरवाही से हुआ दौरे का शुभारंभ

मंगलवार को बैठक श्रृंखला की शुरुआत उत्तर मंडल मरवाही से हुई। सद्भावना भवन मरवाही में आयोजित इस बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ रितु चौरसिया का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर उत्तर मंडल अध्यक्ष कमलेश यादव, महामंत्री द्वय गिरीश राय एवं युवराज केवट सहित मंडल के अन्य पदाधिकारियों से भेंट करते हुए उन्होंने परिचयात्मक बैठक ली और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

दक्षिण मंडल मरवाही में कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन

इसके पश्चात दक्षिण मंडल मरवाही की बैठक देवस्थान धनपुर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। यहाँ रितु चौरसिया ने दक्षिण मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए शासन की योजनाओं एवं प्रयासों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

पेंड्रा–गौरेला मंडलों की जिला कार्यालय में बैठक

मरवाही मंडलों की बैठकों के उपरांत पेंड्रा एवं गौरेला क्षेत्र के मंडलों की बैठक भाजपा जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिससे संगठन की मजबूती और सक्रियता स्पष्ट दिखाई दी।

“डबल इंजन सरकार जनसेवा की मिसाल” – रितु चौरसिया

अपने संबोधन में रितु चौरसिया ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक गुरु बनाने की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, उनसे हर भारतवासी गौरवान्वित है।
केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार कर्तव्यनिष्ठ होकर जिस प्रकार लोककल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनसेवा कर रही है, वह विपक्ष के लिए भी सीख है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि सरकार की समस्त योजनाओं को आमजन तक पहुँचाना ही हमारा प्रमुख दायित्व है।

कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार

जिला भाजपा अध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि जिला प्रभारी रितु चौरसिया का यह प्रथम संगठनात्मक प्रवास निश्चित रूप से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस संगठनात्मक प्रवास के दौरान रितु चौरसिया के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल राठौर, महामंत्री कुबेर सर्राठी एवं किशन ठाकुर, गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह धीरज, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह नहरेल, जिला उपाध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, महिला मोर्चा कार्यसमिति सदस्य विभा सिंह नहरेल सहित राकेश दीक्षित, दयाचंद पोर्ते, मीरा पाव, प्रभुदास चंद्र, अश्विनी चतुर्वेदी, आकाश प्रताप सिंह, अमर हलवाई, उर्मिला कोल, मुन्ना महाराज, विजय बघेल, कैलाश सोनी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर, जिला प्रभारी रितु चौरसिया का यह प्रथम संगठनात्मक दौरा उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देता नजर आया, जिससे आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिला।