उज्ज्वला योजना से बदली रसोई की तस्वीर, ग्राम कुगदा की 20 माताओं को मिला निःशुल्क गैस सिलेंडर व चूल्हा
कुम्हारी/ प्रधानमंत्री उज्ज्वला जन कल्याणकारी योजना के तहत नगर पालिका परिषद कुम्हारी अंतर्गत ग्राम कुगदा के 20 पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा प्रदान किया गया। यह वितरण कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद राजमहंत ओंकार प्रसाद मारकंडे के द्वारा संपन्न कराया गया।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएँ से होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाना तथा स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ईंधन उपलब्ध कराना है। पारंपरिक लकड़ी व उपलों के चूल्हों से निकलने वाला धुआँ महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, जिसे देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा यह महत्वाकांक्षी योजना लागू की गई है।
स्वच्छ ईंधन से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ
उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर वायु प्रदूषण में कमी लाई जा रही है, वहीं ग्रामीण एवं गरीब परिवारों की मातृ शक्तियों को सुरक्षित रसोई का लाभ मिल रहा है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
करोड़ों परिवारों तक पहुँचा उज्ज्वला योजना का लाभ
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक देशभर में करोड़ों परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना ने न केवल रसोई की तस्वीर बदली है, बल्कि महिलाओं के जीवन स्तर और स्वास्थ्य में भी सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्राम कुगदा की महिलाओं में दिखी खुशी
ग्राम कुगदा की लाभार्थी माताओं ने निःशुल्क गैस सिलेंडर व चूल्हा पाकर खुशी एवं संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।



