ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता रायपुर से गांजा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 किलो गांजा समेत वाहन जप्त
दुर्ग/ दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान के अंतर्गत नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पदमनाभपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने रायपुर के कबीरनगर निवासी बंटी शाहा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, नगद रकम एवं गांजा बिक्री में प्रयुक्त एक्टीवा वाहन जप्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पहले पकड़े गए थे खुदरा विक्रेता
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पदमनाभपुर पुलिस द्वारा रायपुर नाका दुर्ग ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई थी। इस दौरान सुमन पाण्डेय एवं मुकेश मिश्रा, दोनों निवासी तितुरडीह दुर्ग, को अवैध रूप से गांजा बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था।
आरोपियों के कब्जे से 2.362 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,18,000 रुपये) एवं 2,070 रुपये नगद जप्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी।
पूछताछ में हुआ मुख्य सप्लायर का खुलासा
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पिछले करीब एक वर्ष से रायपुर कबीरनगर निवासी बंटी शाहा से गांजा प्राप्त कर बिक्री कर रहे थे। इसके बाद पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
2 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया बंटी शाहा
दिनांक 14 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बंटी शाहा रायपुर नाका रेलवे फाटक के पास ग्राहकों को गांजा सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से—
- 2.00 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,00,000 रुपये)
- गांजा बिक्री की नगद रकम 55,200 रुपये
- एक नोकिया कीपैड मोबाइल फोन (कीमत 700 रुपये)
- काला रंग का एक्टीवा वाहन क्रमांक CG-04/NM/5482 (कीमत लगभग 80,000 रुपये)
इस प्रकार कुल 2,35,900 रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
आरोपी बंटी शाहा पिता निहार रंजन शाहा, निवासी केबीटी/32, कबीरनगर रायपुर, को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उसे केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन विश्वास के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



