अचानक बढ़े खर्च ने खोली पोल: अटल आवास में पुलिस की बड़ी छापेमारी, 14 लाख रुपये नकद बरामद
बिलासपुर/ जिले के मधुबन अटल आवास क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से 14 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। युवक के खर्चों में अचानक आई तेजी ने पुलिस को शक के दायरे तक पहुंचाया, जिसके बाद यह रेड की गई।
अचानक बढ़े खर्च बने पुलिस कार्रवाई की वजह
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिछले कुछ महीनों से अपनी आमदनी से कहीं ज्यादा खर्च कर रहा है। इस असामान्य गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली, तारबाहर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने मारा छापा
तय योजना के तहत पुलिस टीम ने मधुबन रोड स्थित श्री कृष्णा गौशाला के पास बने अटल आवास में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को एक स्थान से ₹14,00,000 (चौदह लाख रुपये) नगद बरामद हुए।
कौन है आरोपी?
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान
नाम – विजेन्द्र बैस
उम्र – 38 वर्ष
पिता का नाम – महेश बैस
निवासी – मधुबन रोड, अटल आवास, बिलासपुर
के रूप में हुई है।
राशि का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका आरोपी
बरामद नकद के संबंध में जब पुलिस ने विजेन्द्र बैस से दस्तावेज और स्रोत की जानकारी मांगी तो वह कोई ठोस या वैध स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत पूरी रकम को विधिवत जब्त कर लिया।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और रकम के स्रोत, लेन-देन तथा संभावित अवैध गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



