महिला दर्जी को कॉल कर युवक की अश्लील डिमांड, इंकार पर दी अपहरण की धमकी; पुलिस ने दर्ज किया मामला
दुर्ग/ भिलाई क्षेत्र में एक महिला दर्जी को फोन पर अश्लील बातें कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। खुर्सीपार निवासी यह महिला घर पर ही कपड़े सिलने का काम करती है। इसी दौरान एक विवाहित युवक ने कपड़े सिलवाने के बहाने न सिर्फ उसका मोबाइल नंबर लिया, बल्कि लंबे समय से उसे परेशान करता आ रहा था। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
शुरुआत में सामान्य बातचीत, बाद में बढ़ी अश्लील हरकतें
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक लगभग डेढ़ साल पहले अपनी पत्नी के कपड़े सिलवाने आया था और उसी दौरान उसने महिला का नंबर लिया। शुरुआती दिनों में बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ समय बाद युवक बार-बार कॉल कर अश्लील बातचीत करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज और धमकियां भी शुरू हो गईं।
पति ने भी जताया विरोध, फिर भी नहीं रुका आरोपी
महिला के पति ने भी कई बार युवक को समझाया और चेतावनी दी। कुछ समय तक आरोपी शांत रहा, लेकिन 28 नवंबर दोपहर करीब 12:30 बजे वह फिर अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल कर महिला को परेशान करने लगा।
पीड़िता का कहना है कि युवक उसे अपने कथित प्रेम संबंधों का बहाना देकर बहकाने की कोशिश करता था, और मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता था।
“उठवा लूंगा” कहकर दी अपहरण की धमकी
महिला ने बताया कि आरोपी ने फोन पर ऊंची आवाज में धमकी दी कि वह उसे किडनैप करवा लेगा। अलग-अलग नंबरों से आने वाले लगातार कॉल ने महिला और उसके परिवार को डरा दिया।
पीड़िता ने आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि यदि भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका जिम्मेदार वही युवक होगा।
लगातार बढ़ती हरकतों से मजबूर होकर दर्ज कराई FIR
महिला का कहना है कि बार-बार विरोध और समझाइश के बावजूद आरोपी की हरकतें रुकने के बजाय बढ़ती ही गईं। स्थिति गंभीर होती देख उसने खुर्सीपार थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, जांच जारी
खुर्सीपार पुलिस ने शिकायत को गंभीर मानते हुए आरोपी युवक के खिलाफ धारा 79 (अश्लील कृत्य/उत्पीड़न) और
धारा 351(3) (धमकी देने से संबंधित अपराध) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



