6 नग तलवार के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिना लाइसेंस धारदार हथियार बेच रहा था आरोपी, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

भिलाई/ दुर्ग जिले में अवैध हथियार रखने एवं उनकी बिक्री पर रोक लगाने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलगांव को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनाथ नदी गुरुद्वारा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से तलवार बेचने की कोशिश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम निर्मल सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी अमृतसर, पंजाब बताया।

6 तलवारें बरामद

पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी की तलाशी ली, जिसमें से 6 नग लोहे की तलवारें बरामद हुईं। आरोपी बिना किसी लाइसेंस के ये धारदार हथियार बेचने का काम कर रहा था।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

अवैध हथियार बिक्री के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।