दुर्ग में भुइयां पोर्टल घोटाला: विधि से संघर्षरत बालक सहित 06 आरोपी गिरफ्तार, सरकारी जमीनों में छेड़छाड़ कर 36 लाख का लोन हड़पा

मुख्य बिंदु :

  • पटवारी का यूजर आईडी-पासवर्ड इस्तेमाल कर की जाती थी जमीनों में छेड़छाड़
  • भुइयां पोर्टल में हेरफेर कर सरकारी जमीनों पर बनाया फर्जी बटांकन
  • फर्जी दस्तावेजों से बैंक से 36 लाख का लोन निकाला गया
  • नंदनी नगर, कुम्हारी, अमलेश्वर थाना एवं ACCU की संयुक्त कार्रवाई
  • संगठित अपराध की धाराओं में की गई गिरफ्तारी

विस्तृत विवरण

दुर्ग जिले में भुईयां पोर्टल (राजस्व अभिलेख प्रणाली) में हैकिंग कर जमीन के रिकॉर्ड में अवैध बदलाव कर बैंक से लोन निकालने के बड़े घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है। इस संगठित अपराध में शामिल विधि से संघर्षरत बालक सहित 06 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इस मामले में तहसीलदार राधेश्याम वर्मा ने 13 अगस्त 2025 को थाना नंदनी नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि ग्राम अछोटी एवं मुरमुंदा के राजस्व अभिलेखों में अज्ञात आरोपियों द्वारा अवैध रूप से छेड़छाड़ कर SBI नंदनी नगर शाखा से ₹30,00,000/- का लोन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जारी कराया गया।

कैसे हुआ खुलासा

जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी दीनुराम यादव ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर ₹36,00,000/- का लोन निकलवाया और तुरंत राशि को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराया। इनमें से ₹20,26,547/- रुपए नंदकिशोर साहू के खाते में जमा पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने कई संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

यूजर आईडी और पासवर्ड कैसे प्राप्त हुआ

गिरफ्तार आरोपी अशोक उरांव ने पूछताछ में बताया कि मुरमुंदा पटवारी की मदद करने वाले विधि से संघर्षरत बालक को सह-आरोपी संजय वर्मा ने प्रलोभन देकर पटवारी का यूजर आईडी, पासवर्ड एवं OTP मंगवाया।
आगे आरोपियों ने रायपुर के कोमल साहू के माध्यम से कम्प्यूटर ऑपरेटरों को जोड़कर ऑनलाइन छेड़छाड़ करवाई।

संगठित गिरोह का पर्दाफाश

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने मिलकर ग्राम मुरमुंदा, अछोटी, बोरसी और चेटूया की सरकारी जमीनों के रकबे में फर्जी तरीके से बदलाव कर बैंक लोन प्राप्त किए।
मामले में संगठित अपराध को देखते हुए धारा 111(2), 61(2) BNS एवं IT Act की धारा 66 जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

नाम पता उम्र
1. अशोक उरांव जांजगीर-चांपा 44 वर्ष
2. कौशल फेकर रायपुर 50 वर्ष
3. शिवचरण कौशल रायगढ़ 55 वर्ष
4. ओम प्रकाश निषाद रायपुर 40 वर्ष
5. कोमल साहू रायपुर 44 वर्ष
6. देवानंद साहू रायपुर 32 वर्ष
7. विधि से संघर्षरत बालक — —

संयुक्त टीम

इस कार्रवाई में थाना नंदनी नगर, कुम्हारी, अमलेश्वर एवं ACCU दुर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपी एवं नेटवर्क की पतासाजी जारी है, शीघ्र ही और गिरफ्तारी संभावित है।