दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में एक ही दिन में पांच चोरी की वारदात दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग/भिलाई/ शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते 24 घंटों के भीतर दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग थानों में चोरी की पांच शिकायतें दर्ज हुई हैं। सभी मामलों में अज्ञात चोरों ने घर, दुकान और सार्वजनिक स्थानों पर रखी कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ किया है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिलाई भट्टी क्षेत्र में अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहनों की चोरी
राकेश चौधरी निवासी भिलाई भट्टी ने रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपने घर की अलमारी के लॉकर्स में सोने-चांदी के जेवर और नगद राशि सुरक्षित रखी थी।
15 नवंबर को शाम 5 बजे जब उन्होंने अलमारी खोली, तो सोने की चैन, अंगूठी, झुमका, नाक फुल्ली और कान की बाली सहित करीब 95,000 रुपये के गहने गायब मिले। घर में पूछताछ के बाद भी गहनों का पता नहीं चला, जिसके बाद 16 नवंबर को भिलाई भट्टी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
ट्यूशन क्लास के बाहर से 8 हजार की रेंजर साइकिल चोरी
आरक्षक गेंद कुमार देवांगन निवासी जामुल ने बताया कि उनका बेटा आदर्श देवांगन अपनी लाल रंग की रेंजर साइकिल (Dalwin Salvador 27.5 फ्रेम नं. JB2463788) से ट्यूशन गया था।
ट्यूशन के बाद रात 8 बजे लौटने पर साइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद 16 नवंबर को भिलाई नगर थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
दुर्ग में ऑटो पार्ट्स दुकान में सेंधमारी, 40 हजार की चोरी, CCTV में कैद आरोपी
दुकान संचालक मोहित मध्यानी, निवासी मालवीय नगर दुर्ग ने बताया कि वे 15 नवंबर की रात 9:15 बजे दुकान बंद कर घर गए थे।
अगली सुबह दुकान खोलने पर काउंटर खुला मिला और 35,000 रुपये नगद व Samsung S01 Ultra मोबाइल (कीमत 5,000 रुपये) चोरी मिले।
CCTV फुटेज में 20–21 वर्ष का युवक रात 11:44 बजे दुकान में घुसकर चोरी करते दिखा। थाना सिटी कोतवाली ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
मरोदा में मैत्री गार्डन के सामने से टॉरनेटो साइकिल चोरी
नीरज आडिल निवासी मिनीमाता पारा मरोदा मजदूरी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को दोपहर 2 बजे अपनी फिरोजी रंग की टॉरनेटो साइकिल (फ्रेम नं. Y23J 9096) खड़ी की थी।
खरीदारी कर लौटने पर साइकिल चोरी मिली। 4,000 रुपये कीमत की इस साइकिल के संबंध में आसपास पता करने के बाद 16 नवंबर को नेवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
कोहका भिलाई में घर का ताला तोड़कर 85,000 के सोने-चांदी के गहने चोरी
अफसरी खातून ने थाना सुपेला में रिपोर्ट करते हुए बताया कि उनके भाई परवेज खान दिल्ली से भिलाई आए थे और वापस जाते समय अपनी पत्नी के सोने चांदी के जेवर उन्हें सुरक्षित रखने के लिए दे गए थे।
इसी दौरान परिवार शादी संबंध में बिहार गया हुआ था। 1 से 10 नवंबर के बीच अज्ञात चोरों ने घर का गेट तोड़कर अलमारी से जेवर चोरी कर लिए।
चोरी गए गहनों में सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, नाक नथ, चांदी के सिक्के आदि शामिल हैं, कुल कीमत लगभग 85,000 रुपये। 16 नवंबर को सुपेला थाना में शिकायत दर्ज की गई।
चोरी की बढ़ती घटनाओं से जनता में आक्रोश
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असंतोष है। पुलिस CCTV फुटेज, स्थानीय जानकारी और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पीड़ितों ने शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी हुई संपत्ति बरामद करने की मांग की है।
पुलिस की अपील
दुर्ग-भिलाई पुलिस ने नागरिकों से CCTV कैमरा सक्रिय रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने और अपने घर व दुकानों की सुरक्षा मजबूत करने की अपील की है।



