गलत इंग्लिश पढ़ाने वाले शिक्षक का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

कक्षा में गलत स्पेलिंग सिखाने का मामला उजागर

अंबिकापुर/ छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्राथमिक विद्यालय के एक सहायक शिक्षक ने बच्चों को अंग्रेजी के शब्द गलत तरीके से पढ़ाए। प्रवीण टोप्पो नामक शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वे बच्चों को Eye की जगह “Iey”, Nose की जगह “Noge” और Ear की जगह “Eare” पढ़ाते दिख रहे हैं।

वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

वायरल वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की जमकर आलोचना होने लगी। लोगों ने पूछा कि जब शिक्षक को ही सही स्पेलिंग नहीं आती, तो वे बच्चों को क्या सिखाएंगे? मामला गंभीर होता देख जिला शिक्षा अधिकारी (D.E.O) एमआर यादव ने तत्काल जांच के आदेश दिए।

जांच में पुष्टि, शिक्षक सस्पेंड

जांच के लिए संकुल समन्वयक को स्कूल भेजा गया। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि शिक्षक द्वारा ब्लैकबोर्ड पर कई अंग्रेजी शब्द गलत लिखे गए थे, जैसे:

  • Nose की जगह Noge
  • Ear की जगह Eare
  • Eye की जगह Iey

इसके अलावा Father, Mother, Brother, Sister और दिनों के नाम भी गलत पढ़ाए जा रहे थे। आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक प्रवीण टोप्पो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अभिभावकों की चिंता—बच्चों का भविष्य दांव पर

विद्यालय में कुल 42 बच्चे अध्ययनरत हैं और यहां दो शिक्षक पदस्थ थे। अब एक शिक्षक के निलंबन के बाद स्कूल में केवल एक शिक्षक बचा है। अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि बच्चे गलत स्पेलिंग सीखेंगे तो उनका भविष्य अंधेरे में चला जाएगा। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द योग्य शिक्षक की पदस्थापना की जाए।

सोशल मीडिया पर उठा सवाल—शिक्षा गुणवत्ता पर बड़ा प्रश्नचिह्न

इस घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब शिक्षकों की योग्यता की सही जांच नहीं होगी, तो ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों का भविष्य कौन संभालेगा?