भिलाई-दुर्ग में चोरी की बढ़ती वारदातें — पांच अलग-अलग स्थानों पर वाहन, दुकान और घर से सामान पार

दुर्ग/भिलाई/ जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले कुछ दिनों के भीतर भिलाई और दुर्ग थाना क्षेत्रों में पांच अलग-अलग चोरी की वारदातें सामने आई हैं। कहीं पार्किंग से बाइक और स्कूटी गायब हो गई, तो कहीं दुकान और घर के ताले तोड़कर नगदी और कीमती जेवर ले उड़े चोर। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भिलाई इस्पात संयंत्र के बाहर पार्किंग से बाइक चोरी

बीएसपी प्लांट में आरटीएस विभाग में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत विपिन साहू ने बताया कि दिनांक 07 नवंबर 2025 को उनकी सेकंड शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक थी। वे अपनी सीबी शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 05 AG 0813, कलर ग्रे मेटालिक) को दोपहर करीब 1.45 बजे भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य गेट के बाहर पार्किंग स्थल में खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए थे। रात 10.15 बजे लौटने पर देखा कि बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने पर पता नहीं चला। वाहन की कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है। शिकायत भिलाई भट्टी थाने में दर्ज कराई गई है।

सेक्टर-06 जुगली पार्क से एक्टिवा स्कूटी चोरी

दूसरी घटना में प्रतिमा साहू, जो अध्ययनरत हैं, ने बताया कि वे दिनांक 08 नवंबर 2025 को अपनी एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 05 AB 6095, कलर सफेद) से सेक्टर-06 स्थित जुगली पार्क घूमने गई थीं। दोपहर 12 बजे स्कूटी पार्क कर अंदर गईं और करीब 1.30 बजे लौटीं तो देखा कि स्कूटी गायब थी। वाहन उनके पिता रामकुमार साहू के नाम से पंजीकृत है। स्कूटी की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। रिपोर्ट भिलाई नगर थाने में दर्ज हुई।

दुर्ग कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा चोरी

डानेश्वरी साहू, निवासी पंचरी पारा वार्ड क्रमांक 28, यादव मंगल भवन के पास, ने बताया कि वे ई-रिक्शा चलाकर जीविकोपार्जन करती हैं। दिनांक 01 नवंबर 2025 की रात 2 बजे अपने घर के बाहर ई-रिक्शा (क्रमांक CG C.F. 6875) खड़ी कर सोने चली गईं। सुबह 6 बजे उठीं तो देखा कि वाहन गायब है। वाहन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई।

दुर्गा मंच इलाके की किराना दुकान में चोरी

चौथी वारदात आबादी पारा माता तालाब के पास स्थित दुर्गा मंच इलाके की है। यहां आशा देशलहरे की किराना दुकान में चोरी हुई। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे दुकान बंद कर घर चली गई थीं। सुबह 6.30 बजे बेटे ने फोन कर बताया कि दुकान के पीछे का टीने का शीट कटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पीछे से घुसकर चोरों ने दुकान से गुटखा, सिगरेट, कोल्डड्रिंक, चॉकलेट और 3000 रुपये नगद समेत कुल 15 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।

रायपुर नाका दुर्ग के घर में लाखों की चोरी

पांचवी घटना रायपुर नाका दुर्ग की है। यहां रोहित वर्मा, जो कैटरिंग में मजदूरी करते हैं, अपने परिवार के साथ 5 नवंबर को खैरागढ़ के पास गांव गए थे। 7 नवंबर को लौटने पर देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो आलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और 50,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों में बताई जा रही है। रिपोर्ट दुर्ग पुलिस में दर्ज की गई है।

पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू की

भिलाई और दुर्ग के संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी घटनाओं में चोरों का कोई सुराग अब तक नहीं मिल पाया है। लगातार बढ़ रही इन वारदातों से नागरिकों में दहशत और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।