अवैध रूप से नशीली कफ सिरप बेचने वालों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्यवाही, दो आरोपी गिरफ्तार, 130 शीशी कोडिन फास्फेट कफ सिरप, 2 वाहन और 2 मोबाइल जब्त

एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई सख्त कार्रवाई

दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने नशीली दवाइयों के अवैध व्यापार पर एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित स्वापक औषधि कोडिन फास्फेट युक्त कफ सिरप की कुल 130 शीशियां (कुल मात्रा 13 लीटर), दो मोबाइल फोन, दो वाहन और नकदी रकम जब्त की गई है।

 मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति अपने-अपने जुपिटर और एक्टिवा वाहन में कोडिन फास्फेट कफ सिरप भरकर पीसेगांव बांथा तालाब रोड (थाना पुलगांव) क्षेत्र में ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना पर पुलगांव थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को मौके पर ही दबोच लिया।

 गिरफ्तार आरोपी

  1. वासु चंद्राकर उर्फ गोलू, निवासी बैगा पारा, नटराज मूर्ति के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला दुर्ग
  2. संजय तिवारी उर्फ सोनू, निवासी गया नगर, मानस मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला दुर्ग

 बरामदगी का विवरण

  • आरोपी संजय तिवारी से एक्टिवा क्रमांक CG07 BK 7647 में भूरा कार्टून मिला, जिसमें 70 शीशी (7 लीटर) कोडिन फास्फेट कफ सिरप जब्त किया गया।
    साथ ही उसकी पैंट की जेब से ₹2000 नकद (नशीली सिरप बिक्री की रकम) और एक सैमसंग मोबाइल फोन (कीमत ₹20,000) बरामद हुआ।
  • आरोपी वासु चंद्राकर से एक्टिवा वाहन में 60 शीशी (6 लीटर) कोडिन फास्फेट कफ सिरप, ₹1000 नकद, और एक ओप्पो मोबाइल फोन (कीमत ₹5000) जब्त किया गया।

कुल जब्ती:
130 शीशी (13 लीटर) नशीली कफ सिरप, 2 वाहन, 2 मोबाइल फोन, ₹3000 नकद
कुल अनुमानित कीमत – ₹28,140/-

 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पुलगांव में धारा 21 (सी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

 पुलिस की सक्रिय भूमिका

इस पूरे प्रकरण में थाना पुलगांव पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से अवैध नशीली दवाओं की बड़ी खेप बाजार में जाने से रोकी जा सकी। पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने टीम की सराहना करते हुए नशा तस्करों पर इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।