धान खरीदी के नाम पर ठगी — भिलाई के तक्ष टंडन पर मामला दर्ज, लाखों का नुकसान

रायपुर/धरसीवा/ धान खरीदी के नाम पर एक बार फिर ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम अकोली-2 (मांढर), ब्लॉक धरसीवा निवासी कमल नारायण वर्मा पिता घनश्याम प्रसाद वर्मा (आयु 50 वर्ष) ने भिलाई निवासी तक्ष कुमार टंडन पिता भागमल टंडन पर धोखाधड़ी कर ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है।

69790 किलो धान खरीदा, पर भुगतान नहीं किया

आवेदक कमल वर्मा ने बताया कि दिनांक 18 और 19 सितंबर 2025 को तक्ष कुमार टंडन उनके गांव पहुंचा और 69,790 किलो धान खरीदा।
धान की कुल कीमत ₹15,33,082 तय की गई थी। भुगतान के लिए तक्ष टंडन ने HDFC बैंक का चेक (क्रमांक 493240252) जारी किया।

चेक बाउंस, मोबाइल बंद — खुली धोखाधड़ी की पोल

कमल वर्मा ने उक्त चेक को जिला सहकारी बैंक धरसीवा में जमा कराया, जहां बैंक अधिकारियों ने बताया कि खाते में पर्याप्त राशि नहीं है। इसके बाद जब आवेदक ने तक्ष टंडन से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
धीरे-धीरे यह बात सामने आई कि आसपास के अन्य किसानों — मिनाल कश्यप, शुभाष वर्मा और मूलचंद साहू — को भी तक्ष टंडन ने इसी तरह ठगा है।

पुलिस ने की कार्रवाई — मामला धरसीवा थाना भेजा गया

आवेदक द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत, चेक और सिलतरा स्थित राकेश धर्म काटा की पर्ची के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
प्रथम दृष्टया अपराध धारा 318(4) भारतीय दंड संहिता (बी.एन.एस.) का पाया गया।
घटना स्थल ग्राम अकोली-2, थाना धरसीवा, जिला रायपुर का होने से थाना भिलाई नगर द्वारा शून्य अपराध दर्ज कर मामला आगे की कार्यवाही हेतु थाना धरसीवा को प्रेषित किया गया है।

किसानों में आक्रोश — सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय किसानों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि तक्ष टंडन जैसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसानों के साथ इस प्रकार की ठगी की घटनाएं न हों।

आवेदक:
कमल नारायण वर्मा पिता घनश्याम प्रसाद वर्मा, आयु 50 वर्ष, निवासी ग्राम अकोली-2 (मांढर), ब्लॉक धरसीवा, जिला रायपुर (छ.ग)।