ऑपरेशन “विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 84.77 लाख के नशे के सौदागर सलाखों के पीछे
• 1 सितंबर से अब तक 22 गांजा प्रकरणों में 438.748 किलो गांजा जब्त
• 03 हेरोइन मामलों में 33 आरोपी गिरफ्तार, 246 ग्राम चिट्टा बरामद
• अफीम तस्करी के 03 आरोपी पहली बार गिरफ्तार, दो आरोपी पंजाब के
• नशीली दवाओं के 28,436 टैबलेट्स एवं कैप्सूल जब्त
• कुल 72 वाहन राजसात, MSTC वेबसाइट के जरिए नीलामी की प्रक्रिया जारी
• 239 मामलों में 1620 किलो से अधिक गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर व दवाइयों का नष्टीकरण
दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान “विश्वास” बना नशा माफिया का काल
दुर्ग/ जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन “विश्वास” के तहत 1 सितंबर 2025 से लगातार सघन कार्रवाई शुरू की है। इस विशेष अभियान में अब तक नशे के कारोबार में लिप्त 84.77 लाख रुपए से अधिक मूल्य की नशीली सामग्री पकड़ी जा चुकी है।
थाना कुम्हारी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कंटेनर से 388 किलो गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्कर एवं चालक को गिरफ्तार किया गया। वहीं, थाना मोहन नगर क्षेत्र में पंजाब के चार तस्करों से 246 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। जांच के दौरान इस गिरोह के अन्य 30 सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है।
एक दिन में 17 प्रकरण, 19 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान 16 सितंबर 2025 को एक ही दिन में पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 17 प्रकरणों में 19.531 किलो गांजा और 106 नग टैबलेट्स/सीरप जब्त किए। इस कार्रवाई में एएसीसीयू (ACCU) और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने शानदार तालमेल दिखाया।
नशीली दवाओं के खिलाफ भी सख्त रुख
नशीली दवाओं की बिक्री व वितरण पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। इस दौरान कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों की संख्या में अल्प्राजोलम टैबलेट्स बरामद की गईं। वहीं, थाना दुर्ग कोतवाली क्षेत्र में 10,000 से अधिक नशीली दवाओं के टैबलेट्स एक साथ जब्त किए गए।
राजसात व नष्टीकरण की कार्यवाही
एनडीपीएस के मामलों में उपयोग किए गए 72 वाहनों को राजसात कर MSTC वेबसाइट के माध्यम से नीलामी की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है।
इसके अलावा, 1 सितंबर को कुल 239 मामलों में लगभग 1620.490 किलोग्राम गांजा, 277.29 ग्राम हेरोइन, 214.398 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,73,776 नग नशीली दवाओं का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
दुर्ग पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे का अवैध व्यापार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों की निगरानी, कार्रवाई और संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस की “ऑपरेशन विश्वास” मुहिम अब तक की सबसे बड़ी नशा-विरोधी कार्रवाई साबित हो रही है।



