“सच्ची शिक्षा का आधार है निषेध: नास्तिकता से आस्तिकता की यात्रा”

ओशो, क्या आप नकारात्मक शिक्षा (Negative Education) के पक्ष में हैं? नकारात्मक शिक्षा से हमारा मतलब है कि इंसान स्वयं का लगातार विश्लेषण करे, ताकि वह दोनों ध्रुवों (सकारात्मक और नकारात्मक) को समझ सके।

ओशो– सच में पाजिटिव एजुकेशन जैसी कोई चीज ही नहीं होती। सब कीमती एजुकेशन निगेटिव होती है। विधायक शिक्षा का मतलब है शिक्षा न देना! असल में शिक्षा का असली आधार ही निषेध है। शिक्षा का असली मूल्य ही निगेटिव माइंड पैदा करना है–एक ऐसा मन जो संदेह कर सकता है; एक ऐसा मन जो इनकार कर सकता है; एक ऐसा मन जो विचार करने को राजी है; एक ऐसा मन जो निर्णय को सस्पेंड करने के लिए भी हिम्मत कर सकता है; एक ऐसा मन जो अज्ञान अनुभव कर सकता है; एक ऐसा मन जो अज्ञात के प्रति उन्मुख हो सकता है। ऐसा मन अगर पैदा करना हो तो पाजिटिव नहीं–यही शिक्षा देने का अर्थ है।

क्योंकि पाजिटिव शिक्षा का मतलब यह होता है कि हम तुम्हें सोचने का मौका नहीं देते, हम तुम्हें बताए देते हैं कि तुम यह सोचो। हम तुमसे कहते हैं कि कृष्ण भगवान हैं। यह पाॅजिटिव शिक्षा हुई। हम तुमसे कहते हैं गीता सत्य ग्रंथ है। हम तुमसे कहते हैं कि बाइबिल ही असली ग्रंथ है। हम तुम्हें बताए देते हैं। तुम्हें कुछ करने की जरूरत नहीं है। पाॅजिटिव शिक्षा का मतलब है कि हम सिद्धांत देते हैं और तयशुदा सिद्धांत देते हैं, जिनका निर्णय लिया जा चुका है। उस निर्णय में तुम भागीदार नहीं हो। वह निर्णय तुमसे अन्यथा लिया गया है। तुम नहीं हो उसमें हिस्सेदार, किन्हीं और ने निर्णय लिया है। वह कोई भी हों, उन्होंने निर्णय ले लिया है, डिसीजन ले लिया है, रेडीमेड है, अब हम तुम्हें ट्रांसफर किए देते हैं।

विधायक शिक्षा का मतलब है कि अतीत ने जो निर्णय लिए हैं, वह हम नई पीढ़ी को सौंपें देते हैं और नई पीढ़ी का सिर्फ एक काम है–वे चुपचाप, श्रद्धापूर्वक उन्हें स्वीकार कर लें। यह पाजिटिव शिक्षा का मतलब होता है। पाजिटिव शिक्षा मारने वाली शिक्षा है। असल में निगेटिव माइंड ही माइंड है।

जब हम एक बच्चे में सोचने की क्षमता विकसित करवाते हैं, और अवसर देते हैं कि वह चिंतन करे, तो चिंतन में छिपा ही है कि वह निषेध करने की हिम्मत जुटाए। चिंतन में छिपा ही है कि नास्तिक होने का मौका उसको मिले; कि वह कह सके कि कृष्ण कैसा भगवान है! शक की बात है; कि वह कह सके कि राम का यह सीता से व्यवहार कैसा है? यह व्यवहार शक की बात है; कि वह कह सके कि मैं नहीं मानता कि क्राइस्ट ठीक आदमी है, यह मुझे न्यूरोटिक मालूम पड़ता है, थोड़ा विक्षिप्त मालूम पड़ता है। यह कहने का हक उसे होना चाहिए; वह निषेध कर सके, इनकार कर सके।

ऐसी शिक्षा, जो सिद्धांत न देती हो, बल्कि विचार करने की क्षमता को विकसित करवाती हो। और विचार की क्षमता निषेध से शुरू होती है, क्योंकि विधेय से शुरू होने का कोई कारण नहीं है, विधेय तो अंत है। बिगिनिंग तो हमेशा निषेध है, विधेय तो दि एण्ड है, क्योंकि उसके आगे कोई सवाल नहीं है।

तो मेरा कहना है, निषेध सिखाओ और विधेय तक उसे स्वयं पहुंचने दो। नास्तिकता सिखाओ, आस्तिकता तक उसे पहुंचने दो। और मेरा मानना है कि नास्तिकता अगर ठीक से सिखाई जाए तो आदमी आस्तिकता तक पहुंच जाएगा। और तब वह आस्तिकता बड़ी गंभीर, गौरवपूर्ण, गहरी होगी। क्योंकि नास्तिक होने से गुजरी है। इनकार करने के बाद आया है स्वीकार। ‘न’ कहने के बाद पैदा हुआ ‘हां’। जिस ‘यस’ के पीछे ‘नो’ नहीं है, वह ‘यस’ इंपोटेंट है, वह मरा हुआ है। उसमें कोई जान ही नहीं है, वह नपुंसक है। जिसने न कहा है, और न कहने की पीड़ा झेली है, और न कहने से गुजरा है और एक दिन उस जगह पहुंचा है जहां न कहना असंभव हो गया है और उसे हां कहना पड़ा है, तो यह हां क्रांति लाएगा उसके व्यक्तित्व में।

तो मैं कहता हूं, सिखाओ नास्तिकता और आने दो आस्तिकता को–आस्तिकता आएगी। वह उसकी उपलब्धि होगी। पाजिटिव कनक्लूजंस जो हैं वे उसकी उपलब्धि होंगे, वह हम नहीं देने वाले हैं। हम सिर्फ उसे निगेटिव प्रोसेस देते हैं कि वह कैसे इनकार करे! और इनकार करता चला जाए उस समय तक, जब तक कि वहां न पहुंच जाए, जहां इनकार असंभव है! जहां स्वीकार करना ही होगा। जहां उसका मन ही पाजिटिव के करीब पहुंच जाएगा। निगेटिव इ.ज दि प्रोसेस टु अचीव दि पाजिटिव। निगेटिव और पाजिटिव उलटी चीजें नहीं हैं। इसलिए अच्छा शिक्षण, अच्छी संस्कृति अपने बच्चों को निषेध सिखाएगी, इनकार सिखाएगी, संदेह सिखाएगी। और श्रद्धा आएगी, श्रद्धा हम थोपेंगे नहीं।

और मजे की बात यह है कि अगर हमने एण्ड पहले ही थोप दिया, हमने अंत बता दिया, कनक्लूजंस दे दिए, तो यह बच्चा क्या सोचेगा? इसको सोचने का हमने मौका ही छीन लिया। हमने ही बता दिया कि यह जो मूर्ति है, भगवान की है। हमने ही बता दिया कि यह किताब जो है, सत्य है। इस पर संदेह नहीं होता। और संदेह किया तो भटक जाओगे।

तो हमने जब सब रेडीमेड कनक्लूजंस दे दिए तो हमने इसे सोचने का अवसर ही छीन लिया। हमने इसको मार डाला। जिस व्यक्ति को स्वतंत्रता प्यारी है, वह आने वाले पीढ़ियों को निषेध सिखाएगा, नास्तिकता सिखाएगा, संदेह सिखाएगा। क्रमशः….

ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3 

सच्ची शिक्षा का आधार है निषेध: ओशो

ओशो ने शिक्षा के वास्तविक स्वरूप पर बोलते हुए कहा कि दुनिया में वास्तव में सकारात्मक (Positive) शिक्षा जैसी कोई चीज़ नहीं होती। सभी मूल्यवान शिक्षा हमेशा नकारात्मक (Negative) होती है।

शिक्षा का असली अर्थ है निषेध

ओशो ने कहा कि विधायक शिक्षा का असली अर्थ शिक्षा देना नहीं, बल्कि निषेध करना है।
शिक्षा का उद्देश्य ऐसा मन तैयार करना है जो सवाल पूछ सके, संदेह कर सके, इनकार कर सके और विचार कर सके।
ऐसा मन जो निर्णय को स्थगित करने का साहस रखे, अज्ञान को अनुभव कर सके और अज्ञात के प्रति खुला रहे।

सकारात्मक शिक्षा क्यों है हानिकारक

ओशो के अनुसार, सकारात्मक शिक्षा का मतलब होता है कि बच्चे को सोचने का अवसर ही न दिया जाए और तयशुदा निष्कर्ष थमा दिए जाएं—
जैसे कृष्ण भगवान हैं, गीता सत्य है, बाइबिल ही असली ग्रंथ है।
इस प्रकार की शिक्षा बच्चे की स्वतंत्र सोचने की क्षमता को नष्ट कर देती है।

उन्होंने कहा, “सकारात्मक शिक्षा मारने वाली शिक्षा है, असल में नकारात्मक मन ही सच्चा मन है।”

स्वतंत्र सोच का विकास

जब हम बच्चे को सोचने की क्षमता विकसित करने का अवसर देते हैं, तो उसमें निषेध करने और सवाल उठाने की हिम्मत पैदा होती है।
यही प्रक्रिया धीरे-धीरे उसे सच्चे स्वीकार तक ले जाती है।

नास्तिकता से आस्तिकता की ओर यात्रा

ओशो का मानना था कि यदि बच्चे को पहले नास्तिकता और संदेह सिखाया जाए, तो अंततः वह अपने अनुभव से गहरी आस्तिकता तक पहुँचेगा।
और ऐसी आस्तिकता थोपे हुए निष्कर्षों की तरह खोखली नहीं होगी, बल्कि जीवंत और क्रांतिकारी होगी।

नकारात्मक ही है प्रक्रिया सकारात्मक तक पहुँचने की

उन्होंने जोर देकर कहा कि “नकारात्मक ही प्रक्रिया है सकारात्मक तक पहुँचने की।”
इसलिए सही शिक्षा वह है जो बच्चों को संदेह करना सिखाए, प्रश्न करना सिखाए, निषेध करना सिखाए।
श्रद्धा और विश्वास स्वाभाविक रूप से उनके भीतर जन्म लेंगे, उन्हें थोपा नहीं जाएगा।

👉 इस तरह ओशो ने स्पष्ट किया कि आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्र और विचारशील बनाने के लिए ज़रूरी है कि हम उन्हें तैयार जवाब न दें, बल्कि उन्हें प्रश्न करने की आज़ादी दें।