आपसी विवाद में पत्नी पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी चाकू समेत गिरफ्तार

दुर्ग/ आपसी पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी, सास और दादी पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को थाना उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से खून से सना कपड़ा और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया है। फिलहाल पीड़िताओं का इलाज शंकराचार्य अस्पताल में जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना का विवरण

दिनांक 26/09/2025 को पीड़िता श्वेता टंडन (उम्र 23 वर्ष) ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति सनी झा उर्फ शिव (उम्र 25 वर्ष), जो मूल रूप से प्रेम नगर दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में हथखोज पारा, उतई में रह रहा है, ने घरेलू विवाद के चलते उस पर हमला कर दिया।

पति ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हत्या की नीयत से घर में रखे चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और दादी पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर चोट पहुंचाई और मौके से फरार हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत पर थाना उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 391/2025 पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी खोपली रोड पर छिपा हुआ है।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से खून से सना कपड़ा और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। घटनास्थल का वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी द्वारा निरीक्षण कराया गया और साक्ष्य संकलित किए गए।

आरोपी पर दर्ज धाराएं

आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस सहित 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

कार्रवाई में शामिल अधिकारी

इस पूरे अभियान में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, आरक्षक राजीव दुबे, पुरेंद्र वर्मा, गिरधर वर्मा सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।