राशन दुकान का कारनामा: 17 की जगह 20 रुपये में शक्कर, जिम्मेदार चुप
कुम्हारी/ नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम परसदा की शासकीय राशन दुकान पर संचालक की मनमानी सामने आई है। यहां हितग्राहियों से एक किलो शक्कर के लिए 20 रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि शासन द्वारा निर्धारित दर 17 रुपये प्रति किलो तय है।
गरीबों के हक पर सीधा हमला
नियमों के अनुसार गरीबी रेखा कार्डधारियों को निःशुल्क चावल, नमक और 17 रुपये किलो शक्कर दिया जाना चाहिए। लेकिन दुकान संचालक नियमों का पालन न करके अतिरिक्त राशि वसूल रहा है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा नुकसान हो रहा है।
पार्षद ने भी उठाई आवाज़
- ग्रामीणों ने इस अनियमितता पर कड़ा विरोध जताया।
- वार्ड पार्षद दिकेंद्र साहू ने भी दुकानदार की मनमानी की पुष्टि करते हुए कहा कि फूड इंस्पेक्टर और खाद्य विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में है।
कार्रवाई की उठी मांग
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दोषी संचालक पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो आगे भी हितग्राहियों का शोषण जारी रहेगा।



