कथा स्थल पर महिला से सोने का लाकेट चोरी – पुलिस की नाकामी और सुरक्षा इंतज़ामों की पोल खुली

भिलाई/खुर्सीपार/ धार्मिक आस्था के केंद्र आईटीआई मैदान खुर्सीपार में आयोजित उदित मुनी साहेब महाराज की कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में एक महिला का सोने का लाकेट चोरी हो गया। यह घटना 21 सितंबर दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।

घटना का विवरण

48 वर्षीय नारायणी साहू, अपने परिवार के साथ कथा सुनने पहुंची थीं। उनके साथ उनकी बहू त्रिवेणी साहू और सहेली बबीता साहू भी मौजूद थीं। इसी दौरान जब नारायणी साहू उदित मुनी साहेब महाराज का आशीर्वाद लेने आगे बढ़ीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से सोने का लाकेट (08 ग्राम, कीमत करीब 10,000 रुपये) उड़ा लिया।

लाकेट में छह गेहूं दाना और दो गोल दाना जड़े हुए थे, जिसे पीड़िता आसानी से पहचान सकती हैं।

पीड़िता की शिकायत

नारायणी साहू ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आस-पास तलाश करने पर कोई सफलता नहीं मिली। घर-परिवार से सलाह मशविरा करने के बाद उन्होंने अपने बेटे ढाल सिंह साहू के साथ 22 सितंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की नाकामी और सवालिया निशान

कथास्थल पर भारी भीड़ मौजूद रहने और धार्मिक आयोजन में पुलिस सुरक्षा इंतज़ामों के बावजूद इस तरह की चोरी होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

लोगों का कहना है कि यदि पुलिस चौकसी रहती तो इस तरह की वारदात संभव नहीं थी। भीड़-भाड़ वाले आयोजनों में लगातार चोरी की घटनाएं होना यह साबित करता है कि पुलिस केवल दिखावे की ड्यूटी निभा रही है।

पीड़िता की अपील

नारायणी साहू ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाए और उनका लाकेट बरामद कर उन्हें न्याय दिलाए।