अमलेश्वर में नगर पालिका की लापरवाही, मुख्य मार्ग पर खोदा जानलेवा गड्ढा, बारिश में बनी दुर्घटना की आशंका

अमलेश्वर/ नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत अमलेश्वर डीह बस्ती स्थित पाटन रोड मुख्य मार्ग पर बीते एक हफ्ते से गड्ढा खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है। रोजाना इस मार्ग से हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू न होने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बरसात के कारण गड्ढे में पानी भर गया है, जो इंसानों के साथ-साथ जानवरों के लिए भी खतरा बन चुका है।

बरसात में क्यों शुरू किया गया निर्माण?

स्थानीय लोगों का सवाल है कि यह पुलिया निर्माण कार्य पहले या बाद में भी किया जा सकता था, लेकिन बरसात के बीच इस कार्य को शुरू करना समझ से परे है। गड्ढे में पानी और कीचड़ भरने से स्कूली बच्चों व राहगीरों के फिसलकर गिरने की संभावना बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रही है।

पार्षद का आरोप – प्रशासन कर रहा मनमानी

वार्ड पार्षद श्रीमती मालती गिरधर साहू ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि पुलिया निर्माण के संबंध में उन्हें कोई जानकारी ही नहीं दी गई। गड्ढा खोदने के बाद ही उन्हें पता चला। उन्होंने साफ कहा कि नगर पालिका प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही उजागर हो रही है। अगर गड्ढा खोदा गया है तो तत्काल निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए ताकि जनता और स्कूली बच्चों को परेशानी न हो।

नगर पालिका का पक्ष

नगर पालिका अमलेश्वर के इंजीनियर प्रवीण साहू ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए गड्ढा खोदा गया है। बरसात के कारण उसमें पानी भर गया है, लेकिन ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य चालू कर दिया गया है।

नगरवासियों में आक्रोश

लोगों का कहना है कि प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही से दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। गड्ढे को जल्द नहीं भरा गया तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। नगरवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।