शराब घोटाला मामला: चैतन्य बघेल पर कोर्ट में आज बड़ी कार्रवाई संभव


रायपुर/बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मामले में आज एक अहम मोड़ आ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) कोर्ट में चालान पेश कर सकती है। इस समय चैतन्य रायपुर जेल में न्यायिक रिमांड पर बंद हैं।
ईडी की विशेष कोर्ट में पेश होगा चालान
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को ईडी की विशेष अदालत में चैतन्य बघेल के खिलाफ चालान दाखिल किए जाने की संभावना है। शराब घोटाले में ईडी की कार्रवाई लंबे समय से सुर्खियों में है और चैतन्य की गिरफ्तारी इस मामले का सबसे बड़ा घटनाक्रम मानी जा रही है।
हाईकोर्ट में गिरफ्तारी पर चुनौती
इस बीच, चैतन्य बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। आज उनकी याचिका पर सुनवाई होनी है। ईडी की ओर से भी कोर्ट में जवाब दाखिल किया जाएगा। मामले की सुनवाई जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में चल रही है।
सुप्रीम कोर्ट से मिला था हाईकोर्ट जाने का निर्देश
गौरतलब है कि 18 जुलाई 2025 को ईडी ने चैतन्य बघेल को भिलाई से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्होंने गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी और हाईकोर्ट में अपील करने का निर्देश दिया था।
गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी
चैतन्य बघेल की ओर से दायर याचिका में दावा किया गया है कि उनकी गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई और यह पूरी तरह गैरकानूनी है। इस पर हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई जारी है, जबकि आज ईडी की ओर से विस्तृत जवाब दाखिल किया जाएगा।



